युवक का रास्ता रोककर दी धमकी, दहशत
चावमंडी में युवक का रास्ता रोककर कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की।
जागरण संवाददाता, रुड़की: चावमंडी में युवक का रास्ता रोककर कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवक को धमकी देकर आरोपित फरार हो गए।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी निवासी विवेक गर्ग रविवार रात को टहलने के लिए निकला था। कुछ दूरी पर एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। युवक बुलेट लेकर खड़ा हुआ था। उसके साथ उसके कुछ दोस्त भी थे। विवेक गर्ग ने जब इन्हें रास्ता छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने गाली गलौज कर दी। विवेक के विरोध करने पर आरोपितों ने उसे धमकी दे दी। जिसके बाद मौके पर नोकझोंक भी हुई। इसी बीच विवेक का 14 साल का बेटा भी वहां पर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने उसे भी डराने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपित फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। विवेक गर्ग ने घटना की तहरीर गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।