कोर्ट ने किया सहारनपुर के जेलर को तलब
जागरण संवाददाता रुड़की जहरीली शराब कांड में सहारनपुर की जेल में बंद आरोपित वारंट
जागरण संवाददाता, रुड़की: जहरीली शराब कांड में सहारनपुर की जेल में बंद आरोपित वारंट बी पर रुड़की नहीं लाए जा सके। इस पर एसीजेएम, रुड़की की अदालत ने सहारनपुर के जेलर को तलब किया है। वहीं, झबरेड़ा थाना, जिला हरिद्वार की पुलिस की ओर से अब 25 मार्च को दोबारा से वारंट बी के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा।
सात फरवरी को सहारनपुर के पुंडैन से लाई गई जहरीली शराब से हरिद्वार जिले में 43 लोगों की मौत हो गई थी, वहीं, सहारनपुर जिले में 100 से अधिक लोगों की जान गई। जहरीली शराब में मिलाया गया कैमिकल झबरेड़ा क्षेत्र से बेचे जाने की बात भी सामने आई थी। इस मामले में झबरेड़ा थाना, जिला हरिद्वार पुलिस की ओर से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि दो ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, सहारनपुर, उप्र पुलिस ने भी आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में झबरेड़ा पुलिस ने सहारनपुर जेल में बंद आरोपितों को वारंट बी पर तलब करने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन आरोपित रुड़की की अदालत में पेश नहीं हुए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक देहात नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वारंट बी पर ना आने पर अदालत ने सहारनपुर जेलर को तलब किया है। इसके अलावा झबरेड़ा थाना पुलिस की ओर से अब 25 मार्च को फिर से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही जहरीली शराब कांड के सभी 15 आरोपितों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया जाएगा। अब केवल आरोपितों के वारंट बी पर आने का इंतजार है। इसके बाद उनकों रिमांड पर लेकर पूछताछ होनी है।