कांवड़ यात्रियों को कुचलने वाला चालक गिरफ्तार, गाड़ी सीज
सिडकुल थानाक्षेत्र में दो कांवड़ यात्रियों को कुचलकर फरार हुए वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलौर, जेएनएन। कांवड़ मेले के दौरान सिडकुल थानाक्षेत्र में दो कांवड़ यात्रियों को कुचलकर फरार हुए वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गाड़ी को भी सीज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात थाना सिडकुल क्षेत्र के टोंगिया हरिपुर निवासी कांवड़ यात्री अरुण पुत्र प्रेम सिंह और नीरज पुत्र धन सिंह बाइक से हरिद्वार गंगा जल लेने आ रहे थे। तभी यहां खाला टीरा व आन्नेकी गांव के बीच में तेजी के साथ आ रही पिकअप गाड़ी ने दोनों को कुचल दिया था। दोनों कांवड़ यात्रियों की मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने गाड़ी चालक का पता लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना नाम मुर्सलीन निवासी ग्राम गढ़मीरपुर, कोतवाली रानीपुर हरिद्वार बताया है। सिडकुल थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि उसकी गाड़ी सीज कर दी गई है।
कांवड़ यात्रियों के वाहन ने बाइकसवार को टक्कर मारी, घायल
लक्सर में कांवड़ यात्रियों के वाहन से एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। मैकेनिक को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
खानपुर थाना क्षेत्र के हस्तमौली गांव निवासी गुरुमुख सिंह मैकेनिक हैं। लक्सर में उनकी दुकान है। सोमवार की देर शाम को वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से वापस गांव लौट रहा थे। इस दौरान जब वह लक्सर खानपुर मार्ग पर प्रहलादपुर गांव के समीप पहुंचे तभी पीछे से आ रहे कांवड़ यात्रियों के एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद वाहन को रोकने के बजाय कांवड़ यात्री वाहन समेत मौके से भाग निकले। पीछे से आ रहे दूसरे कांवड़ यात्रियों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर आ गए। चिकित्सकों से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे रुड़की के अस्पताल में लेकर गए। जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें: पड़ोसी ने घर में घुसकर युवक पर झोंका फायर, मुकदमा दर्ज
यह भी पढ़ें: मोबाइल चोरी के शक में पीटे गए युवक की मौत, परिजनों ने लगाया ये आरोप
यह भी पढ़ें: यहां पुलिस ने श्मशान घाट में चिता से विवाहिता के शव को उठवाया, जानिए वजह
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप