Move to Jagran APP

Uttarakhand scholarship Scam: छात्रवृत्ति घोटाले में कॉलेज का प्राचार्य गिरफ्तार, संचालक भी रडार पर

भगवानपुर स्थित हिमालयन दून एकेडमी के प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। घोटाले की जांच कर रही एसआइटी की तरफ से कॉलेज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

By Raksha PanthariEdited By: Published: Wed, 12 Feb 2020 07:06 PM (IST)Updated: Wed, 12 Feb 2020 07:06 PM (IST)
Uttarakhand scholarship Scam: छात्रवृत्ति घोटाले में कॉलेज का प्राचार्य गिरफ्तार, संचालक भी रडार पर
Uttarakhand scholarship Scam: छात्रवृत्ति घोटाले में कॉलेज का प्राचार्य गिरफ्तार, संचालक भी रडार पर

हरिद्वार, जेएनएन। छात्रवृत्ति घोटाले में भगवानपुर स्थित हिमालयन दून एकेडमी के प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। घोटाले की जांच कर रही एसआइटी की तरफ से कॉलेज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। छानबीन में आरोपित प्राचार्य के खिलाफ ठोस सुबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कॉलेज संचालक भी एसआइटी के राडार पर है। एसआइटी की तरफ से अब तक दर्ज कराए गए 41 मुकदमों में यह 33वीं गिरफ्तारी है।

loksabha election banner

छात्रवृत्ति घोटाले की जांच कर रही एसआइटी ने पिछले दिनों भगवानपुर के सिकंदरपुर में स्थित हिमालयन दून एकेडमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि समाज कल्याण विभाग ने वर्ष 2014 से वर्ष 2017 के बीच कॉलेज को करीब ढाई करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी। एसआइटी ने छात्रों का भौतिक सत्यापन किया तो पता चला कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं से दस्तावेज निश्शुल्क प्रवेश देने के नाम पर लिए गए थे। बाद में इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर छात्रवृत्ति की रकम हड़प ली गई।

जांच में कॉलेज प्राचार्य गौरव निवासी चाव मंडी रुड़की और कॉलेज संचालक राजीव भारद्वाज निवासी आदर्शनगर रुड़की के खिलाफ ठोस सुबूत हाथ लगे। बुधवार को कॉलेज प्राचार्य गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। एसआइटी प्रभारी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बाकी कॉलेजों की पड़ताल भी अभी जारी है। जिन कॉलेज संचालकों के खिलाफ सुबूत मिल रहे हैं, उनकी गिरफ्तारी लगातार की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Scholarship scam: 97 लाख से ज्‍यादा की छात्रवृत्ति घोटाले में दून घाटी कॉलेज पर मुकदमा दर्ज

संचालक और प्राचार्य चला रहे थे फर्जी खाते

एसआइटी की जांच में सामने आया है कि छात्रवृत्ति की रकम हड़पने के लिए बड़ी संख्या में छात्रों से शैक्षणिक और आधार कार्ड, पहचान पत्र जैसे दस्तावेज लेकर उनके नाम से बैंक में खाते खुलवाए गए। इन खातों का संचालन आरोपित प्राचार्य गौरव और संचालक राजीव भारद्वाज खुद कर रहे थे। समाज कल्याण विभाग की ओर से खातों में रकम जारी होने पर दोनों लोग रुपये निकाल लेते थे।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand scholarship scam: दून बिजनेस स्कूल के संचालक पर मुकदमा Dehradun News

संचालक की गिरफ्तारी को गैर जमानती वारंट

एसआइटी ने रुड़की क्षेत्र के कॉलेज संचालकों की गिरफ्तारी के लिए शिकंजा कस दिया है। एसआइटी के अनुसार ग्रीनवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज रुड़की के संचालक अशोक चौहान निवासी आदर्श नगर रुड़की की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से गैर जमानती वारंट लिए गए हैं। पुलिस किसी भी वक्त अशोक चौहान को गिरफ्तार कर सकती है। जबकि पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे कृष्णा इंस्टीट्यूट लक्सर के संचालक दीपक कुमार निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, स्वामी विवेकानंद पॉलिटेक्निक फतेहपुर सहारनपुर के निदेशक योगेंद्र कांबोज निवासी जगाधरी यमुनानगर व सुशांत गर्ग निवासी जगाधरी यमुनानगर की कुर्की वारंट लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुनादी की कार्यवाही के लिए कोर्ट से हरी झंडी भी मिल चुकी है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand scholarship scam: छात्रवृत्ति घोटाले में शिक्षण संस्थान के सचिव समेत दो गिरफ्तार Dehradun News


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.