केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की अस्थियां गंगा में विसर्जित
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की अस्थियां गंगा में विसर्जित की गर्इ। सीएम रावत और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हरिद्वार, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की अस्थियां मंगलवार को गंगा में विसर्जित की गईं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में अनंत कुमार का विशेष योगदान रहा है।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का 12 नवंबर को निधन हो गया था। मंगलवार को अनंत कुमार के निजी सचिव रहे भूपेश जोशी अस्थि कलश लेकर ब्रह्मकुंड स्थित हरकी पैड़ी पर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ उनकी अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अनंत कुमार छात्र जीवन से ही समाज के प्रति समर्पित रहे। ऋषिकेश की आइडीपीएल की भूमि उन्होंने राज्य को देने का काम किया था। उन्होंने राज्य के युवाओं के सुनहरे भविष्य को देखते हुए यहां सीपेट (सेंटर फोर प्लास्टिक टेक्नोलॉजी एंड इंस्टीट्यूट) की आधारशिला रखी।
इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, रामकुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: वरिष्ठ पत्रकार अनूप गैरोला का आकस्मिक निधन, हरिद्वार में किया गया अंतिम संस्कार
यह भी पढ़ें: पंचतत्व में विलीन हुए नारायण, सीएम समेत राजनीतिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि