Unlock-1 में बाजारों में उमड़ रही भीड़ से लगा जाम, सोशल डिस्टेंसिंग के नियम हुए तार-तार
रुड़की में बाजारों में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इस दौरान शारीरिक दूरी का भी जमकर उल्लंघन हुआ।
By Edited By: Published: Sat, 06 Jun 2020 06:10 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jun 2020 07:40 PM (IST)
रुड़की, जेएनएन। हरिद्वार जिले के रुड़की में बाजारों में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इस दौरान शारीरिक दूरी का भी जमकर उल्लंघन हुआ। जाम के चलते पैदल चल रहे लोगों को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अनलॉक-1 होते ही बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के बीटीगंज, मेनबाजार, सिविल लाइंस में हर दिन जाम लग रहा है। शनिवार को भी सुबह से ही जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के मुख्य बाजार में एक साथ कई ई-रिक्शा आने से स्थिति बदतर हो गई। ई-रिक्शा के चलते जाम लगा। जाम के चलते बाजारों मे लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया। मेन बाजार में लगे जाम का असर शहर के अनाज मंडी, बीटी गंज और सिविल लाइंस में देखने को मिला। वहीं गंगनहर की दोनों पटरी पर भी रुक रुक कर जाम लगता रहा।
जाम की एक वजह यह भी रही कि मेन बाजार में जीरो जोन के लिए मच्छी मोहल्ला चौक और नगर निगम चौक पर लगाए गए बेरीकेट्स हटा दिए गए। जिसके चलते ई-रिक्शा और चौपहिया वाहन भी बाजार में दाखिल हुए। पिछले दो दिनों से बाजार में लोगों को जाम से जुझना पड़ा। वहीं सिविल लाइंस बाजार में भी चौपहिया वाहन आने से यातायात बाधित रहा।
अतिक्रमण भी बना जाम की वजह
शहर के बाजारों में अतिक्रमण हो रहा है। जिसके चलते बाजारों में जाम लगा रहा है। शहर के बीटी गंज, अनाज मंडी, मेन बाजार, सिविल लाइंस में दुकानों के बाहर सड़क तक दुकानदारों ने सामान रख दिया है। इसके अलावा बाजारों में सड़क पर ही दुपहिया और चौपहिया वाहन खड़े हो रहे है। जिसके चलते यहां पर हर दिन जाम लग रहा। इसके अलावा बाजारों में रेहड़ी और फेरी वाले भी खड़े हो रहे है। बाजार में इस अतिक्रमण से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग इसकी शिकायत कर चुके है। बावजूद इसके प्रशासन इस तरफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें