भाइयों ने उजाड़ा बहन का सुहाग, तंज से नाराज होकर की थी जीजा की हत्या
भगवानपुर क्षेत्र में खराद कारीगर की हत्या उसके दो सालों ने तंज कसने पर की थी। दोनों भाइयों ने अपने जीजा को शराब पीने के बहाने घर से बुलाया था।
रुड़की, जेएनएन। भगवानपुर क्षेत्र में खराद कारीगर की हत्या, उसके दो सालों ने तंज कसने पर की थी। दोनों भाइयों ने अपने जीजा को शराब पीने के बहाने घर से बुलाया था। दोनों भाई उसे बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गए और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद कारीगर का मोबाइल तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
भगवानपुर थाने में पत्रकारों से बातचीत में एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि छापुर शेर अफगानपुर गांव निवासी सुखदर्शन की हत्या कर शव गांव के पास ही जंगल में में फेंककर आरोपित फरार हो गए थे। सुखदर्शन कस्बे में वर्कशॉप चलाता था। पुलिस ने इस मामले की जांच की तो हत्या के पीछे उसके सालों की रंजिश सामने आई। पुलिस ने इस मामले में सुखदर्शन के साले मोतीलाल और मुरारी निवासी ग्राम हल्लूमाजरा थाना भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ की तो मोतीलाल ने हत्या की बात कबूली। एसपी देहात ने बताया कि मोतीलाल दिल्ली में नौकरी करता था। करीब एक साल पहले मोतीलाल ने अपने बेटी की शादी मक्खनपुर स्थित एक होटल में की थी। शादी के दौरान सुखदर्शन ने अपने साले मोतीलाल पर तंज कसा था कि इतनी शान शौकत से बेटी की शादी करने की तेरी औकात नहीं है। फिर कैसे इतनी अच्छी तरह से शादी की। यह बात मोतीलाल को चुभ गई। इसके बाद से वह सुखदर्शन से रंजिश रखने लगा था।
आरोप है कि कई बार वह रिश्तेदारी में भी इस तरह की बात कह चुका था। लॉकडाउन के दौरान मोतीलाल हल्लूमाजरा गांव आया हुआ था। इस दौरान भी यह मामला हुआ। इसके चलते मोतीलाल ने अपने भाई मुरारी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के मुताबिक उन्होंने बहनोई सुखदर्शन को शराब लेकर आने को कहा।
उनकी बातों में आकर सुखदर्शन घर से बाहर आ गया। दोनों भाई उसे बाइक पर बैठाकर ले गए और जंगल में शराब पी। यहां पर भी इनके बीच तंज कसने को लेकर विवाद हुआ। जिस पर दोनों भाइयों ने गला दबाकर बहनोई की हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर बाइक बरामद की है।
एक साल पहले ही हत्या की ठानी थी
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि मोतीलाल ने एक साल पहले ही अपने बहनोई को मौत के घाट उतारने की ठान ली थी। बेटी की शादी को लेकर किए गए तंज के बाद मोतीलाल अपने बहनोई से रंजिश रखने लगा था। इसके बाद भी कई बार जब उसके सामने इस तरह की बात आती रही तो उसने पूरा निश्चय कर लिया। लॉकडाउन के दौरान गांव में फंसने पर उसे हत्या का मौका मिला गया।
बहन का सिंदूर मिटाने में नहीं कांपे हाथ
एक साल पहले की रंजिश दिल में पाले रहे और किसी को भनक तक नहीं थी। जिस बहन को बड़े प्यार से डोली में बिठाकर 26 साल पहले विदा किया था। उसके सुहाग उजाड़ते हुए आरोपितों के हाथ एक पल के लिए भी नहीं कांपे। बहन के प्यार पर आरोपितों की रंजिश भारी पड़ गई। हत्या का राज खुलने के बाद हर कोई हैरत में है।
करीब 26 साल पहले सुखदर्शन की शादी हल्लूमाजरा गांव निवासी मोतीलाल की बहन से हुई थी। गांव वालों की माने तो मोतीलाल ने बहन की शादी के दौरान उसे बड़े प्यार से डोली में बैठाकर विदा किया था। जिस बहन को उन्होंने हमेशा खुश रहने की दुआ दी। उसी बहन का सुहाग उजाड़ते समय उन्होंने एक बार भी नहीं सोचा कि बहन का क्या होगा।
बहनोई के कुछ तंज भरे शब्द से उपजी रंजिश बहन के प्यार पर भारी पड़ गई। हत्या करने का निश्चय तो काफी पहले ही कर लिया था, लेकिन मोतीलाल को मौके की तलाश थी। मोतीलाल दिल्ली में एक स्पेयर पार्ट्स की कंपनी में मार्केटिंग करता है। तीन माह पहले गांव में आया था। लॉकडाउन में वह दिल्ली नहीं जा पाया।
इसी दौरान उसने हत्या की योजना बनानी शुरू कर दी। मोतीलाल बार बार बहन के घर भी जाता रहा, लेकिन किसी को भनक नहीं लगने दी कि उसके अंदर क्या चल रहा है। आठ दिन पहले सुखदर्शन के पास दुकान में गया था और उसे दावत के लिए तैयार किया। सुखदर्शन के तैयार होते ही उसे हत्या का मौका मिल गया। बहन को तो यकीन नहीं हो रहा कि भाइयों ने ही उसका सुहाग उजाड़ दिया।
यह भी पढ़ें: स्क्रैप गोदाम के चौकीदार की ईंट मारकर हत्या, कीमती सामान ले गए हत्यारे Haridwar News
हत्या के बाद सिम तोड़कर तालाब में फेंका था मोबाइल
कारीगर की हत्या के बाद आरोपितों ने उसके मोबाइल का सिम तोड़ दिया था। आरोपितों ने सोचा था कि सिम तोड़ने से उनके गुनाह छिप जाएंगे। आरोपितों ने कारीगर के मोबाइल को अपने गांव के पास तालाब में फेंक दिया था। आरोपितों ने मोबाइल का कवर उतार लिया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कारीगर के मोबाइल का कवर बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें: पिता की बेइज्जती का बदला लेने को कर दी युवक की हत्या Haridwar News