महिला ने बहनोई पर लगाया छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोप Haridwar News
एक महिला ने अपने बहनोई पर छेड़छाड़ मारपीट और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने इस बावत पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रुड़की, जेएनएन। एक महिला ने अपने बहनोई पर छेड़छाड़, मारपीट और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने इस बावत पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला बुधवार की रात अपने एक परिचित के साथ रुड़की के एक निजी अस्पताल में किसी को देखने के लिए आई थी। महिला अस्पताल के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान महिला का बहनोई भी वहां पर आ गया। आरोप है कि युवक जबरन उसे गाड़ी में ले जाने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ छेड़छाड़ और पिटाई की।
इसके बाद बहनोई ने अपने साथियों की मदद से उसे कार में जबरन बैठा लिया और वहां से ले गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को अपहरण की सूचना दे दी। सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी करके कार को सालियर चेक पोस्ट पर रुकवा लिया।
महिला का आरोप है कि बहनोई ने उसे बहन का वास्ता देकर पुलिस के सामने सच छिपाने को कहा। इसके चलते महिला ने अपने बहनोई की करतूत पुलिस को नहीं बताई। इसके बाद गुरुवार सुबह महिला फिर गंगनहर कोतवाली पहुंची और बहनोई समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस बावत गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि मामले ने जो आरोप लगाए है उनकी जांच की जा रही है।
चार नाबालिग बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
रोड़ी बेलवाला स्थित मलिन बस्ती से चार नाबालिग बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। चारों की उम्र छह से 10 साल के बीच है। वहीं, पड़ोस का एक व्यक्ति भी गायब है। स्वजनों ने गायब व्यक्ति पर शक जताया है। व्यक्ति की लोकेशन दिल्ली में मिलने पर एक टीम वहां रवाना की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की रोड़ी बेलवाला में मलिन बस्ती है। बस्ती में रहने वाली चार नाबालिग बहनें घर से बाहर गई थी। देर शाम तक चारों के घर न लौटने पर स्वजनों को चिंता होने लगी। उन्होंने बस्ती के आसपास और गंगा किनारे भी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच पता चला कि उनकी पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति भी लापता है।
यह भी पढ़ें: एकतरफा प्यार में छात्रा को धमकाने का आरोपित युवक गिरफ्तार Dehradun News
इसके बाद स्वजनों ने पुलिस को तहरीर दी। साथ ही लापता व्यक्ति पर संदेह जताया। शहर कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई है। गायब व्यक्ति की लोकेशन दिल्ली में पाई गई है, एक पुलिस टीम को लड़कियों की तलाश में दिल्ली भेजा है। पुलिस टीम दिल्ली पहुंचकर संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद रिपोर्ट देगी।