सरकार की नीतियों के विरोध में श्रमिक संगठनों ने निकाली बाइक रैली
केंद्र सरकार की निजीकरण नीति के विरोध में और किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने भेल फाउंड्री गेट से नगर निगम तक बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली में भेल नगर निगम रेल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: केंद्र सरकार की निजीकरण नीति के विरोध में और किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने भेल फाउंड्री गेट से नगर निगम तक बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली में भेल, नगर निगम, रेल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल हुए। फाउंड्री गेट से शुरू हुई रैली शिवालिक नगर, सुभाष नगर, वाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर, कस्साबान, रेलवे रोड ज्वालापुर, भगत सिंह चौक, ऋषिकुल चौक होते नगर निगम प्रांगण पहुंची।
नगर निगम परिसर में सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि संविधान के उद्देश्यों को दरकिनार कर भाजपा सरकार खेती और उद्योगों को उद्योगपतियों को सौंपने की तैयारी कर रही है। भाजपा सरकार निजीकरण, श्रम संहिता लागू करने के साथ तीन कृषि कानूनों के जरिये खेती को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी में है। कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकार की नीतियों से परेशान किसान, मजदूर और नौजवान मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। प्रदेश महासचिव डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। सरकार निजीकरण बंद कर, श्रम कानून लागू कर और तीनों कृषि कानून निरस्त करे। भेल श्रमिक नेता राजबीर चौहान ने कहा कि सरकार उदारीकरण, निजीकरण के जरिये खेती और उद्योगों को बर्बाद कर रही है। इसके विरोध में देशभर के किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, नौजवान सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष की तैयारी कर रहे हैं। सभा को राधेश्याम सिंह, एमपीएस त्यागी, विकास सिंह आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान श्रमिक नेता मुरली मनोहर, अंकित चैहान, वरुण बालियान, शहाबुद्दीन अंसारी, अशोक शर्मा, पार्षद राजीव भार्गव, पार्षद सोहेल कुरेशी, पार्षद जफर अब्बासी, पार्षद तहसीन, पार्षद मेहरबान खान, पार्षद गुरबीर सिंह, नितिन तेश्वर आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।