विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुड़की: बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने सगे भांजे को चाकू से गोदा, अस्पताल ले जाते समय मौत

Published: Fri, 26 Jun 2026 08:19 PM (IST)

हरिद्वार के भगवानपुर में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपने भांजे की चाकू मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. मामा ने बेटी के प्रेम विवाह से नाराज होकर भांजे को मारा

  2. हल्लूमाजरा चौक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या की

  3. घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा

संवाद सूत्र, भगवानपुर (रुड़की)। हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के हल्लूमाजरा गांव में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बेटी के प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने अपने ही सगे भांजे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

आरोपित मामा ने सरेराह भांजे का रास्ता रोका और कहासुनी के बाद उसके पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल युवक ने देहरादून हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

घर से भागकर किया था निकाह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेडी गांव निवासी मुसीद का अपनी सगी ममेरी बहन (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश निवासी मामा शहनवाज की बेटी) से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

करीब एक साल पहले मुसीद अपनी ममेरी बहन को घर से भगाकर ले गया था और दोनों ने निकाह कर लिया था। शादी के बाद से ही मुसीद अपनी पत्नी के साथ रोलाहेडी गांव में रह रहा था, लेकिन इस रिश्ते से उसका मामा शहनवाज बेहद नाराज और नाखुश था।

घात लगाकर बैठे मामा ने रोका रास्ता

शुक्रवार को मुसीद अपनी बाइक से किसी काम के सिलसिले में भगवानपुर क्षेत्र के हल्लूमाजरा गांव की तरफ जा रहा था।

जैसे ही वह हल्लूमाजरा चौक के पास पहुंचा, वहां पहले से ही घात लगाकर खड़े मामा शहनवाज ने उसे रोक लिया।

दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी बीच शहनवाज ने जेब से चाकू निकालकर मुसीद पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

भांजे को लहूलुहान हालत में बेसुध गिरता देख और स्थानीय लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपित शहनवाज मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल मुसीद को तुरंत रुड़की के सिविल अस्पताल ले गई।

अस्पताल में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

फरार आरोपित शहनवाज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-रितेश साह, थाना प्रभारी निरीक्षक (भगवानपुर)

यह भी पढ़ें- रुड़की में प्रेमी ने शादी का वायदा तोड़ा, पीड़िता ने की दुष्कर्म की शिकायत

यह भी पढ़ें- रुड़की : बीयर फैक्ट्री के चौकीदार को गोली मारने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल, दूसरा फरार; यूपी बॉर्डर पर हुआ एनकाउंटर