दिवाली पूर्व नगर निगम कर्मियों को वेतन व बोनस
जागरण संवाददाता हरिद्वार दिवाली पूर्व अक्टूबर का वेतन और बोनस भुगतान समेत 11 सूत्रीय मांगों क
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: दिवाली पूर्व अक्टूबर का वेतन और बोनस भुगतान समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आंदोलन की चेतावनी पर गुरुवार दोपहर नगर आयुक्त उदय सिंह राणा ने मोर्चा पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। इसमें नगर आयुक्त ने त्योहार पूर्व वेतन, बोनस भुगतान के आश्वासन के साथ ही निगम स्तर की मांगों को जल्द सुलझाने का भरोसा दिया। शासन स्तर की मांगों को लेकर भी वार्ता की बात कही।
दिवाली पूर्व वेतन और बोनस भुगतान समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने 14 अक्टूबर को नगर आयुक्त को मांग पत्र सौंपा था। मांगें न माने जाने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी थी। इस पर गुरुवार को नगर आयुक्त उदय सिंह राणा ने मोर्चा पदाधिकारियों को वार्ता के लिये बुलाया। उन्होंने दिवाली पूर्व वेतन और बोनस भुगतान का आश्वासन। साथ ही सातवें वेतन के एरियर का भुगतान शासन से आने वाली धनराशि से कराने का भी भरोसा दिया। कर्मियों की गर्म और ठंडी वर्दी, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के छठे और सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान, मृतक आश्रित परिवारों को शीघ्र नियुक्ति देने, स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पड़े 70 रिक्त पदों पर संविदा पात्र कर्मचारियों को समायोजित करने और संविदा के अन्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को शासन से पद सृजित कराकर नियुक्ति दिलाने आदि मांगों पर भी सकारात्मक आश्वासन मिला। मृतक कर्मचारियों को 180 दिन की छुट्टी के बजाय तीन सौ दिन की छुट्टी का भुगतान किये जाने, कर्मियों की बेवजह एचआरए रोकने, अन्य तरह से रिकवरी कर उत्पीड़न किये जाने पर भी मोर्चा ने उत्पीड़न बंद करने की मांग की। इसके अलावा वर्षो से आवासों में रहते चले आ रहे कर्मियों को उनका मालिकाना अधिकार दिलाने की मांग भी की। नगर आयुक्त ने निगम स्तर की समस्याओं को जल्द सुलझाने और शासन स्तर की समस्याओं के लिये वार्ता करने का आश्वासन भी दिया। वार्ता में एसएनए उत्तम सिंह नेगी, महेंद्र सिंह यादव, लेखाकार चंद्रशेखर शर्मा, मोर्चा नेता सुरेंद्र तेश्वर, राजेंद्र श्रमिक, दिनेश लखेड़ा, सुनील राजौर, प्रवीण तेश्वर, सलेकचंद, सुधाकर भट्ट, अशोक छाछर, प्रमोद बिरला आदि मौजूद रहे।