एडीबी ने फिर डेढ़ किमी के चक्कर में डाला
संवाद सहयोगी रुड़की एडीबी ने फिर से अंबर तालाब बाजार को जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर
संवाद सहयोगी, रुड़की: एडीबी ने फिर से अंबर तालाब बाजार को जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है। एडीबी की ओर से इस मार्ग पर फिर से कुछ काम शुरू कराया गया है। मार्ग बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब डेढ़ किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा है।
शेर सिंह राणा चौक से अंबर तालाब बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग को एडीबी ने बंद करा दिया है। इस मार्ग पर चैंबर में कुछ कार्य कराया जा रहा है। एडीबी की ओर से यह मार्ग तीसरी बार बंद कराया गया है। पहले करीब एक माह तक इसे बंद रखा गया। इसके बाद फिर से एक-दो दिन के लिए बंद कराया गया था। अब फिर से एडीबी ने इस मार्ग को बंद कर दिया है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है। मार्ग के बंद होने से अब लोगों को डीएवी रोड से होते हुए जीआइसी और फिर जीआइसी से गौशाला होते हुए चंद्रपुरी जाना पड़ रहा है। चंद्रपुरी से दुर्गा चौक आना पड़ रहा है। इस तरह से करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के दुकानदारों का कहना है एडीबी के इस कार्य की वजह से उनका कारोबार ठप हो गया है। मार्ग बंद होने से ग्राहक दुकान पर नहीं पहुंच पाते हैं। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि एडीबी अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता कर कार्य को जल्द कराए जाने के लिए कहा जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा न हो।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप