महिला पर फायरिंग करने वाला कारोबारी गिरफ्तार, पिस्टल जब्त Haridwar News
इस्लामनगर में महिला पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपित कारोबारी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
रुड़की, जेएनएन। इस्लामनगर में महिला पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपित कारोबारी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। साथ ही आरोपित के पिस्टल जब्त कर लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सोत निवासी कारोबारी कमरु की ससुराल शहर के इस्लामनगर में है।
कमरु की सास पड़ोस में रहने वाली रिजवाना के घर एक रात रुक गई थी। इसे लेकर रिजवाना के साथ कमरु का विवाद हो गया था। आरोप है कि इनके बीच गाली-गलौज हुई। इसके बाद कमरु ने बुधवार देर रात रिजवाना पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी थी। फायरिंग होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। महिला ने छत पर भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने रात को ही मौके पर जाकर आरोपित को हिरासत में लिया था। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल भी कब्जे में ले ली थी। देर रात पुलिस ने कमरु पर मुकदमा दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें: पुलिसकर्मी की पत्नी से अभद्रता, जान से मारने की दी धमकी; मुकदमा दर्ज
मुकदमा दर्ज होने के बाद देर रात लोगों की कोतवाली में भीड़ रही। गुरुवार सुबह पुलिस ने आरोपित कमरु को कोर्ट मे पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपित के लाइसेंस के निरस्तीकरण को लेकर डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। साथ ही पिस्टल जब्त कर ली है। कमरू पूर्व में कांग्रेस से भी जुड़े रहे हैं। हालांकि कांग्रेस के नगर अध्यक्ष कलीमखान ने बताया कि कमरू पूर्व में कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन अब उनका हमारी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है।
यह भी पढ़ें: महिला पर रखता था बुरी नजर, इसलिए कर दी हिस्ट्रीशीटर की हत्या; छह गिरफ्तार