बंद मकान में चोरी का प्रयास करते पकड़ा
जागरण संवाददाता रुड़की दुर्गा कॉलोनी में बंद मकान में चोरी का प्रयास कर रहे एक आरोपित
जागरण संवाददाता, रुड़की: दुर्गा कॉलोनी में बंद मकान में चोरी का प्रयास कर रहे एक आरोपित को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी निवासी सुशील कुमार मूलरूप से बिहार के भोजपुर जिला निवासी हैं। उनके पैतृक गांव में किसी की मौत हो गई थी, जिसके चलते वो मकान पर ताला लगाकर गांव गए थे। बुधवार रात एक चोर दीवार फांदकर मकान के अंदर दाखिल हुआ। चोर ने ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसी बीच सुशील कुमार के एक पड़ोसी को आहट हो गई। उन्होंने जाकर देखा तो चोर ताला तोड़ रहा था। इस पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाकर घेराबंदी कर दी और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच घेराबंदी कर आरोपित को धर दबोचा। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपित का नाम अनीश निवासी भंगेड़ी, सिविल लाइंस कोतवाली है। आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया गया है।