कोर्ट परिसर में होमगार्ड जवानों को धक्का देकर आरोपित फरार, पुलिस तलाश में जुटी
एक आरोपित एसडीएम कोर्ट परिसर में होमगार्ड के जवानों को धक्का देकर भाग निकला। घटना शनिवार देर शाम की है।
हरिद्वार, जेएनएन। शांतिभंग का एक आरोपित एसडीएम कोर्ट परिसर में होमगार्ड के जवानों को धक्का देकर भाग निकला। घटना शनिवार देर शाम की है। रात तक पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी रही। देर रात आरोपित के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पथरी और सिडकुल थाने की पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
पथरी क्षेत्र के सुगरासा में एक आश्रम है। शनिवार को आश्रम के बाहर एक युवक शराब पी रहा था। आश्रम के एक संत ने युवक को मना किया, तो वह आपा खो बैठा और पत्थर मारकर संत को घायल कर दिया। सूचना पर पथरी थाने की पुलिस ने मौके से आरोपित अमित गौरव निवासी अलीपुर बहादराबाद को पकड़ लिया। शनिवार दोपहर पथरी थाने में तैनात सिपाही बिशन सिंह चौहान, होमगार्ड के जवान भरत सिंह और सोबत सिंह आरोपित अमित गौरव सहित कुछ अन्य मुल्जिमों को अलग-अलग कोर्ट में पेश करने रोशनाबाद पहुंचे।
सिपाही बिशन सिंह वारंटी और एक मुल्जिम को कोर्ट में पेश करने चला गया। जबकि अमित गौरव को एसडीएम कोर्ट परिसर में होमगार्ड के जवानों के सुपुर्द कर दिया। उसी दौरान अमित गौरव होमगार्ड जवान भरत सिंह और सोबत सिंह को धक्का देकर फरार हो गया। बिशन सिंह वापस लौटा तो होमगार्ड जवानों ने इसकी जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: अभिरक्षा से भाग रहे गो तस्कर ने सिपाही को ट्रैक्टर से कुचला
शनिवार देर रात तक छानबीन में उसका कुछ पता नहीं चला। तब सिपाही बिशन सिंह की तरफ से आरोपित अमित गौरव के खिलाफ सिडकुल थाने में अभिरक्षा से फरार होने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। सिडकुल थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि आरोपित की तलाश चल रही है। वहीं पथरी थानाध्यक्ष सुखपाल मान का कहना है कि आरोपित के बारे में कुछ जानकारी मिली है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: वाहन चोरों के सात सदस्यीय गैंग का पर्दाफाश, पांच सदस्य निकले नाबालिग Dehradun News