गुरुकुल कांगड़ी विवि में अध्यक्ष पद पर अभाविप का कब्जा
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी छात्र कल्याण परिषद चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी छात्र कल्याण परिषद चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवारों ने कब्जा किया जबकि सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर उसे हार का स्वाद चखना पड़ा। विजयी पदाधिकारियों ने समर्थकों के साथ अबीर-गुलाल उड़ाते हुए जीत का जश्न मनाया। कुलपति प्रो. डीके माहेश्वरी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में संशोधित चुनाव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव हुआ। सदस्य कार्यकारिणी पर एकमात्र प्रत्याशी चर्चित कुमार रहे, जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर पीसी जोशी की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। दो बजे तक चले मतदान में 4569 वोटों में से कुल 1834 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच कालेज गेट पर शोर मचाने व अंदर परिसर में निर्वतमान छात्रसंघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर की अधिक आवाजाही पर एसपी सिटी ने पुलिस कर्मियों को फटकार लगाते हुए सभी को खुद कालेज गेट से दूर खदेड़ा। कहा किसी को शांति व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
दोपहर बाद तीन बजे से शुरू हुई मतगणना में हर वोट पर प्रत्याशियों के चेहरे का रंग बदलता रहा। शाम छह बजे करीब मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर पीसी जोशी ने परिणाम घोषित किया। अध्यक्ष पद पर अभाविप के राहुल शर्मा ने 886 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनीष कुमार ¨सह पुत्र राम रघुवर ¨सह को 33 मतों से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर सीधे मुकाबले में अभाविप के दीपक कुमार प्रजापति ने निकटतम प्रतिद्वंदी स्वतंत्र उम्मीदवार शरद वर्मा को हराया। सचिव पद पर स्वतंत्र उम्मीदवार राहुल कटियार ने अभाविप के मोहित देशवाल को हराया। सहसचिव पर स्वतंत्र उम्मीदवार उत्कर्ष प्रताप ¨सह ने अभाविप उम्मीदवार विजय कुमार पांडेय को पराजित किया। कोषाध्यक्ष पद पर स्वतंत्र उम्मीदवार आयुर्ष कुमार ने अभाविप उम्मीदवार सागर कुमार सैनी को हराया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रोफेसर पीसी जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया।