राजा गार्डन में एक सप्ताह से नहीं उठ रहा कूड़ा
जागरण संवाददाता हरिद्वार राजा गार्डन कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। जलनिकासी की
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: राजा गार्डन कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे गर्मियों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना है। इधर बीते एक सप्ताह से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी बंद है। इससे लोगों के घरों में कूड़ा इकट्ठा हो रहा है। स्थानीय लोगों में नगर निगम और केआरएल के रवैये को लेकर रोष पनप रहा है।
नगर निगम में शामिल नये वार्डों की स्थिति बद से बदतर है। वार्ड 58 राजा गार्डन में भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नालियां गंदगी से अटी है। इससे गर्मी और बरसात में लोगों की मुश्किलें बढ़नी तय है। रतन वाटिका राजा गार्डन निवासी नीरज गुप्ता आदि ने बताया कि कॉलोनी में बीते एक सप्ताह से कूड़ा गाड़ी नहीं आ रही है। जिस कारण घरों में कूड़ा इकट्ठा हो रहा है। इससे उठ रही सड़ांध मुश्किलें बढ़ा रही है। कॉलोनी में कोई सफाई कर्मचारी नहीं आ रहा है। 18 मार्च से अब तक यहां एक बार कीटनाशक का छिड़काव किया गया है। वह भी केवल खानापूर्ति ही थी। आरोप है कि स्थानीय पार्षद से लेकर नगर निगम के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया,लेकिन कॉलोनी में कोई झांकने नहीं आया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी से शिकायत करने पर उन्होंने जल्द सफाई और कीटनाशक का छिड़काव कराने की बात कही थी, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि कॉलोनी की साफ-सफाई आदि व्यवस्था जल्द दुरुस्त करा दी जाएगी।