गन्ने के ओवरलोड वाहनों को लेकर मिल प्रबंधन को दी चेतावनी
लक्सर नगर में गन्ने के ओवरलोड वाहनों से लगने वाले जाम और मिल से निकलने वाली मैली से होने वाले हादसों को लेकर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने मिल प्रबंधन से वार्ता की। उन्होंने मिल में निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
संवाद सूत्र लक्सर : लक्सर नगर में गन्ने के ओवरलोड वाहनों से लगने वाले जाम और मिल से निकलने वाली मैली से होने वाले हादसों को लेकर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने मिल प्रबंधन से वार्ता की। उन्होंने मिल में निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
गन्ना सीजन के दौरान गन्ने के ओवरलोड वाहन राहगीरों की परेशानी का सबब बने हैं। नगर के पुरकाजी - हरिद्वार हाईवे पर गन्ने के ओवरलोड वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरलोड वाहनों से कई बार गन्ना बाहर निकले होने के कारण दुर्घटनाएं भी होती हैं। इसके अलावा शुगर मिल से निकलने वाली मैली की ढुलाई के दौरान सड़क पर मैली बिखरने से भी अभी तक कई राहगीर और वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। इसे लेकर बुधवार को उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव के साथ शुगर मिल में निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों से वार्ता की। उपजिलाधिकारी ने इस दौरान मिल प्रबंधन को क्रय केंद्र से गन्ना लेकर आने वाले भारी वाहनों को केवल रात के समय संचालित करने और मिल परिसर में वाहनों की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए मिल में गन्ना लेकर आने वाले किसानों को भी जागरूक करने को कहा। उन्होंने गन्ने की मैली सड़क पर नहीं बिखरे इसके लिए ढुलाई के दौरान व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि लापरवाही बरती गई तो मिल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शुगर मिल के महाप्रबंधक अजय खंडेलवाल, प्रबंधक पंकज सक्सेना आदि मौजूद रहे।