मिल प्रबंधन ने किसान नेता पर लगाए गंभीर आरोप
किसान नेता पदम सिंह भाटी पर चीनी मिल प्रबंधन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चीनी मिल महाप्रबंधक सुरेश शर्मा ने किसान नेता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ रविंद्र कुमार ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
संवाद सूत्र, झबरेड़ा : किसान नेता पदम सिंह भाटी पर चीनी मिल प्रबंधन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चीनी मिल महाप्रबंधक सुरेश शर्मा ने किसान नेता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ रविंद्र कुमार ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। वहीं किसान नेता ने दावा किया है मिल प्रबंधन की पोल खुलती नजर आई तो वह व्यक्तिगत हमला कर रहा है।
पिछले दिनों क्षेत्र के किसान नेता पदम सिंह भाटी ने आरोप लगाया था कि चीनी मिल ने किसानों के नाम से फर्जी तरीके से ऋण लिया है। साथ ही गलत तरीके से चीनी की बिक्री की जा रही है। किसानों को धोखा देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दो मार्च को चीनी मिल गेट पर धरने का एलान किया था। इसी बीच चीनी मिल प्रबंधन ने किसान नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही पुलिस से भी शिकायत की है। मिल प्रबंधन का कहना है कि किसान नेता लगातार अनुचित दबाव बना रहा है। पिछले साल चीनी मिल प्रबंधन ने मिल को दो घंटे बंद रखने के आरोप में दो कर्मचारियों को निकाल दिया था। अब पदम सिंह उनको दोबारा से रखवाने के लिए दबाव बना रहा है। चीनी मिल में बगास एवं राखी का ठेका एवं अनुचित रूप से धन की मांग की जा रही है। इंटरनेट मीडिया के जरिये चीनी मिल की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। चीनी मिल किसानों के सहयोग से लगातार संचालित हो रही है। चीनी के दाम में गिरावट आने की वजह से भुगतान में थोड़ी परेशानी आ रही है, लेकिन जल्द ही इसको दूर कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर किसान नेता पदम सिंह का कहना है कि उन पर जो आरोप लगाए गए हैं वह पूरी तरह से निराधार हैं। वह चीनी मिल के खिलाफ कोर्ट में जाएंगे और किसानों की लड़ाई बदस्तूर जारी रहेगी।