निगम की टीम ने पकड़ी प्लास्टिक डिस्पोजल क्रॉकरी का खेप
नगर निगम की एंटी पॉलीथिन स्क्वायड ने शनिवार को प्लास्टिक डिस्पोजल क्राकरी पकड़ी।
संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम की एंटी पॉलीथिन स्क्वायड ने शनिवार को प्लास्टिक डिस्पोजल क्रॉकरी की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई प्लास्टिक डिस्पोजल क्रॉकरी की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। निगम ने सारा सामान जब्त कर लिया है। कारोबारी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है।
नगर निगम रुड़की के अधिकारियों की ओर से पॉलीथिन और प्लास्टिक के डिस्पोजल क्रॉकरी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बाद कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ अब नगर निगम अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया हुआ है। नगर निगम की एंटी पॉलीथिन स्क्वायड ऐसे कारोबारियों पर लगातार नजर रखे हुए है। प्रतिबंध के बाद भी पॉलीथिन और प्लास्टिक की डिस्पोजल क्रॉकरी का कारोबार कर रहे हैं। इसी के चलते पॉलीथिन स्क्वायड को सूचना मिली कि सोत चौकी के समीप प्लास्टिक की डिस्पोजल क्रॉकरी से भरी हुई एक गाड़ी सोत चौकी क्षेत्र में माल उतारने आई हुई है। सूचना पर निगम की टीम तुरंत ही मौके पर पहुंची। टीम ने गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी को चेक किया गया तो उसमें प्लास्टिक की क्रॉकरी की 56 पेटियां भरी थी। निगम की टीम गाड़ी को नगर निगम ले आई। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि गाड़ी में करीब डेढ़ लाख रुपये की प्लास्टिक की डिस्पोजल क्रॉकरी भरी थी। सारी क्रॉकरी को जब्त कर लिया गया है। संबंधित कारोबारी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही उसे चेतावनी दी गई है कि यदि वह दोबारा प्रतिबंधित क्रॉकरी का इस्तेमाल करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध निगम सख्त कार्रवाई करेगा। टीम में गौतम, सुमित, अरुण, विशु व अभिषेक आदि के नाम शामिल हैं।