कोरोना संक्रमित मिलने पर निगम कार्यालय सील
नगर निगम के एक कर्मचारी में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद निगम कार्यालय सील कर दिया गया है।
संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम के एक कर्मचारी में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद निगम कार्यालय सील कर दिया गया है। वहीं कर्मचारी के संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
नगर निगम रुड़की के एक ठेकेदार की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद निगम कार्यालय में थर्मल स्क्रीनिग शुरू की गई थी। वहीं ठेकेदार के संपर्क में आए पांच कर्मचारियों की कोविड-19 जांच कराई गई थी। इनमें से एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने बताया कि संक्रमित कर्मचारी को कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। कर्मचारी के संपर्क में आए अन्य कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। उनकी भी कोविड-19 जांच कराई जाएगी। फिलहाल नगर निगम कार्यालय सील करा दिया गया है और वहां सैनिटाइजेशन चल रहा है। कहा कि जिलाधिकारी से निर्देश प्राप्त होने के बाद निगम कब तक सील रहेगा, इस पर निर्णय लिया जाएगा। बताते चलें कि नगर निगम परिसर स्थित जल संस्थान और ऊर्जा निगम कार्यालय भी सील किया गया है। दोनों कार्यालय इसी परिसर में है। शनिवार को यहां शिविर लगाकर सभी कर्मियों की सैंपलिग होगी।