संघ प्रचारक ने श्री दक्षिण काली मंदिर में की पूजा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के संयुक्त रूप से पूजा की गई।
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के संयुक्त प्रचार प्रमुख पदम ने श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक कर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज से आशीर्वाद लिया।
श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर महांडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने विभिन्न प्रकार के फूलों व द्रव्यों से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। कहा कि महादेव भगवान शिव की आराधना सदैव कल्याणकारी होती है। श्रावण माह भगवान शिव को प्रसन्न कर उनकी कृपा पात्र करने का सबसे बेहतर अवसर है। श्रावण में प्रतिदिन विधिविधान से भगवान शिव का पूजन व जलाभिषेक करने पर उनकी कृपा सदैव बनी रहती है। शिव कृपा से साधक के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। संघ प्रचारक पदम ने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं। वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें सिद्धपीठ श्री दक्षिण काली मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने का अवसर प्राप्त हुआ। कहा कि स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज भगवान शिव के सच्चे उपासक हैं। उनकी ओर से प्रतिवर्ष सावन में भगवान शिव के निमित्त विधि-विधान पूर्वक कड़ी साधना की जाती है। इससे सभी को प्रेरणा मिलती है। इस दौरान आचार्य पवनदत्ता मिश्र, पंडित प्रमोद पांडे, अनुज दुबे, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, अंकुश शुक्ला, अनुराग वाजपेयी, कृष्णा शर्मा, सागर ओझा, अनूप भारद्वाज, पंडित शिवकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।