निगम के अन्नपूर्णा एप से खूब हो रही होम डिलीवरी
नगर निगम रुड़की की ओर से शुरू किए गए अन्नपूर्णा एप की मदद से लोग जरूरी सामान के लिए दुकानों पर ऑर्डर नोट करा रहे हैं। अछी बात तो ये है कि दुकानदार भी लोगों से बिना अतिरिक्त शुल्क लिए उनके घर पर सामान पहुंचा रहे हैं। इससे दुकानों पर लगने वाली लोगों की भीड़ भी अब कुछ कम होने लगी है।
संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम रुड़की की ओर से शुरू किए गए अन्नपूर्णा एप की मदद से लोग जरूरी सामान के लिए दुकानों पर ऑर्डर नोट करा रहे हैं। अच्छी बात तो ये है कि दुकानदार भी लोगों से बिना अतिरिक्त शुल्क लिए उनके घर पर सामान पहुंचा रहे हैं। इससे दुकानों पर लगने वाली लोगों की भीड़ भी अब कुछ कम होने लगी है।
लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह सात से दोपहर एक बजे तक खोली जा रही हैं। इन दुकानों पर सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। इस भीड़ के कारण शारीरिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम ने शहर की आवश्यक वस्तुओं वाली ऐसी 52 दुकानों को चिह्नित किया था। जो लोगों को घर पर ही सामान की डिलीवरी दे सकें। इसमें प्रोविजन स्टोर और दूध की डेयरी आदि शामिल हैं। इन दुकानों के लिए नगर निगम ने एक अन्नपूर्णा एप तैयार किया। जिसमें दुकानों की सूची जोन के आधार पर खुलती है। दुकान के नाम पर क्लिक करते ही दुकानदार के पास कॉल चली जाती है। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि अन्नपूर्णा एप के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। लोग इस एप के जरिये अपने जोन वाले दुकानदारों को होम डिलीवरी के लिए सामान का ऑर्डर लिखा रहे हैं। इससे लोगों को घर बैठे ही सामान उपलब्ध हो रहा है।