Haridwar Lockdown: भीड़ लगाने से रोका तो सिपाही को पीटा, दो सगे भाई गिरफ्तार
मोहल्ला शेखपुरी की एक गली में सड़क पर भीड़ लगाने से रोकने पर दो सगे भाईयों ने एक सिपाही से मारपीट कर दारोगा से हाथापाई कर दी। मारपीट करने वाले दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
रुड़की, जेएनएन। मोहल्ला शेखपुरी की एक गली में सड़क पर भीड़ लगाने से रोकने पर दो सगे भाईयों ने एक सिपाही से मारपीट कर दारोगा से हाथापाई कर दी। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मारपीट करने वाले दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य लोग वहां से फरार हो गए।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेखपुरी के कुम्हार वाली गली में कुछ युवक सड़क पर खड़े शोर कर रहे थे। लोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले युवकों की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद एसआइ नवीन पुरोहित अपने साथ सिपाही मुकेश और शिवचरण के साथ मौके पर पहुंचे।
सिपाही मुकेश कुमार ने जब इन युवकों को रोकने का प्रयास किया तो इनमें शामिल हेमंत जोशी और इसके भाई विपिन ने सिपाही मुकेश कुमार के साथ मारपीट कर दी। यह देख दारोगा नवीन पुरोहित ने जब रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने इनके साथ भी हाथापाई कर दी। एकाएक हुई घटना से पुलिस भी सकते में आ गई।
इसी बीच अन्य युवक वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने इन दोनों भाई को धर दबोचा। पुलिस इन्हें कोतवाली गंगनहर ले आई। गंगनहर कोतवाल प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि दारोगा नवीन पुरोहित की तहरीर पर हेमंत जोशी और इसके भाई विपिन जोशी निवासी कटपटिया, दो बांस, पिथौरागढ़ हाल निवासी रावत टैंट हाउस वाली गली रामनगर, गंगनहर कोतवाली पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
लॉकडाउन के उल्लंघन में एक गिरफ्तार
रामपुर चुंगी पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि रामपुर चुंगी पर कुछ युवक जमघट लगाकर खड़े थे। पुलिस के आने पर एक आरोपित पकड़ा गया जबकि अन्य फरार हो गए। पकड़े गए आरोपित रागिब निवासी गुलाबनगर पर मुकदमा दर्ज कर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
अपशब्द पर चार के खिलाफ मुकदमा
एक ग्राम प्रधान के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना दो दिन पहले की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की प्रधान गांव में कोरोना संक्रमण को लेकर दवा का छिड़काव करा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर गांव के ही नावेद और अन्य लोगों से इसका विवाद हो गया।
आरोप है कि इन लोगों ने ग्राम प्रधान के साथ पहले गाली गलौज की। ग्राम प्रधान के विरोध करने पर इन्होंने मारपीट और छेड़छाड़ कर दी। साथ ही ग्राम प्रधान को जातिसूचक शब्द भी कहे। इसके बाद आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने ग्राम प्रधान का मेडिकल भी कराया था। प्रधान ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी थी।
यह भी पढ़ें: सिडकुल हरिद्वार के 56 ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, कामगारों का नहीं रखा ख्याल
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर नावेद, इंतजार, इसरार, भूरा पर मारपीट, छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया की इस मामले में ग्राम प्रधान के बयान दर्ज किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Dehradun Lockdown: लॉकडाउन तोड़ने के लिए उकसाने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार