कांग्रेसियों ने खोला कैबिनेट मंत्री के खिलाफ मोर्चा
शहर में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे और नशे के कारोबार के खिलाफ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का घेराव करने खन्ना नगर जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। उन्हें खन्ना नगर में जाकर धरना-प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के लगाए टेंट को भी उखाड़ दिया और 18 कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया लेकिन बाद में पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ दिया।
संवाद सहयोगी, हरिद्वार : शहर में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे और नशे के कारोबार के खिलाफ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का घेराव करने खन्ना नगर जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। उन्हें खन्ना नगर में जाकर धरना-प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के लगाए टेंट को भी उखाड़ दिया और 18 कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ दिया।
सोमवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खन्ना नगर की तरफ चले दिए। लेकिन, यहां पहले से ही तैनात पुलिस बल ने कांग्रेसियों को खन्ना नगर जाने से पहले ही मुख्य मार्ग पर रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसी जबरन पुलिस घेरा तोड़कर खन्ना नगर जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने सख्ताई अपनाते हुए किसी को नहीं जाने दिया। इससे कांग्रेसियों की पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक भी हो गई। बाद में कांग्रेसियों ने मुख्य मार्ग पर भी बैठकर धरना-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिससे युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं।
जिला उपाध्यक्ष रवि बहादुर ने शहरी विकास मंत्री मदन पर भूमाफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस पहले ही कैबिनेट मंत्री के खिलाफ जांच की मांग कर करती आ रही है, लेकिन अब तो उन्हीं के पार्टी के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने उनकी सीबीआइ जांच कराने की मांग कर डाली है। जिससे कांग्रेस के आरोपों पर मुहर लग चुकी है। इस अवसर पर रामविशाल देव व पूर्व सभासद अशोक शर्मा, नितिन तेश्वर, अनिल भास्कर, दीपक टंडन, सुमित भाटिया, हरद्वारी लाल, राजीव चौधरी, वसीम सलमानी, विशाल खैरवाल, हिमांशु बहुगुणा, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।