पुलिस की मौजूदगी में खुले 20 निर्माण कार्यों के टेंडर
नगर निगम के सड़क और नालियों के 98 निर्माण कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया अब पुलिस की मौजूदगी में होगी।
जागरण संवाददाता, रुड़की: नगर निगम के सड़क और नालियों के 98 निर्माण कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया अब पुलिस की मौजूदगी में होगी। वहीं शुक्रवार को 20 निर्माण कार्यों के टेंडर ओपन टेंडरिग के माध्यम से खोले गए। इस दौरान पुलिस मौजूद रही।
नगर निगम में गुरुवार को टेंडर खरीदने आए ठेकेदार संजय गुप्ता उर्फ नीलू पर दो नकाबपोश युवकों ने पीछे से हमला कर दिया था। हमलावर युवकों ने लकड़ी की कुर्सी को ठेकेदार के सिर पर मारने का प्रयास किया था। लेकिन, ठेकेदार किसी तरह से बच निकले। जब हमले के बाद ठेकेदार ने आत्मरक्षा के लिए अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली तो हमलावर मौके से फरार हो गए थे। इस घटना के बाद निगम परिसर में हड़कंप मच गया था। इसके बाद शुक्रवार को नगर निगम ने पुलिस की मौजूदगी में टेंडर खोले। नगर निगम में पंजीकृत ठेकेदारों ने सड़क और नालियों के 98 निर्माण कार्यों के टेंडर भरे थे। उनमें से शुक्रवार को 20 निर्माण कार्यों के टेंडर ओपन टेंडरिग के माध्यम से खोले गए। टेंडर खोले जाने की यह प्रक्रिया अभी पांच दिन चलेगी। वहीं टेंडर कमेटी में शामिल महापौर गौरव गोयल, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, जेई जगदीश प्यारेलाल, अकाउंटेंट गिरधर गोपाल, शेखर शर्मा आदि की उपस्थिति में टेंडर खोले गए। महापौर गौरव गोयल और नगर आयुक्त नुपूर वर्मा ने बताया कि रुड़की नगर निगम तेजी से शहर के विकास कार्यों की ओर अग्रसर है। बरसात से पूर्व शहर की सड़कों व नालियों के निर्माण कार्य को पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।