उपचार के दौरान विवाहिता की मौत, मायका पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप
निजी अस्पताल में भर्ती विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई है। मामले में मायके पक्ष के लोग ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
रुड़की, जेएनएन। पिछले कुछ दिनों से एक निजी अस्पताल में भर्ती विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई है। मामले में मायके पक्ष के लोग ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को मायके वालों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, भगवानपुर थाना क्षेत्र के तेज्जूपुर गांव निवासी कोमल (26 वर्ष) की शादी वर्ष 2014 में देवबंद निवासी राकुल के साथ हुई थी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि ससुराल में तीन-चार दिन पहले कोमल की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। कोमल की मौत के लिए मायका पक्ष ससुराल के लोगों को जिम्मेदार बता रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोमल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके पक्ष के लोगों को सौंप दिया गया है। वहीं, महिला के विसरा को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में भगवानपुर थाने में मुकदमा दर्ज होगा।
यह भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका