भेल नगर प्रशासक का तबादला, उठे सवाल
जागरण संवाददाता हरिद्वार भेल के नगर प्रशासक संजय पंवार का अचानक तबादला हो गया है। उनक
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भेल के नगर प्रशासक संजय पंवार का अचानक तबादला हो गया है। उनकी जगह नवीन लुनियाल को नगर प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले डेढ़ साल में भेल संपदा विभाग ने लेबर कॉलोनी, भभूतावाला बाग सहित सैकड़ों करोड़ रुपये की भेल भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई। कई जगह सफेदपोश भूमाफिया के कब्जे भी हटवाए गए। इस कारण तबादले को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही हैं। वहीं, नए नगर प्रशासक नवीन लुनियाल के लिए भी भेल की बेशकीमती जमीनों को कब्जामुक्त कराना बड़ी चुनौती होगा।
भेल कारखाना स्थापित होने के बाद से ही हजारों बीघा जमीन खाली चली आ रही है, जिन पर समय-समय पर कब्जे होते गए। कई अवैध बस्तियां वजूद में आती गई। इनके अलावा, भूमाफिया भी भेल भूमि पर कब्जे कर खुर्दबुर्द करने का धंधा करते आ रहे हैं। नगर प्रशासक संजय पंवार की अगुवाई में करीब डेढ़ साल पहले लेबर कॉलोनी में सैकड़ों कच्चे-पक्के अतिक्रमण ध्वस्त कराते हुए भेल भूमि को मुक्त कराया गया। इतना ही नहीं इस कॉलोनी में वर्ष 2003 से पहले रहने वाले लोगों के विस्थापन की कवायद भी जिला प्रशासन और एचआरडीए के साथ मिलकर आगे बढ़ाई गई। विस्थापितों के लिए छोड़ी गई जमीन पर भूमाफिया ने चार बार कब्जे का प्रयास किया, जिसे हर बार विफल कर दिया गया। इनके अलावा टिबड़ी, शिवलोक, भभूतावाला बाग इलाके में भेल भूमि खुर्दबुर्द करने वाले सफेदपोश भू-माफिया से भी दो-दो हाथ किए गए।
सैकड़ों करोड़ की भूमि कब्जा मुक्त होने से भू-माफिया और भेल संपत्ति पर गिद्ध दृष्टि रखने वालों में हड़कंप मचा हुआ था। इस बीच नगर प्रशासक संजय पंवार का तबादला कई सवालों को हवा दे गया है। ट्रांसफर की चर्चाएं भेल के अंदर कम, बाहर ज्यादा हो रही हैं। हालांकि अधिकारी इसे रूटीन प्रक्रिया बता रहे हैं। पंवार का तबादला एमएम विभाग में किया गया है। नवीन लुनियाल उनकी जगह लेंगे। संभवत: सोमवार को दोनों अधिकारी नया चार्ज संभालेंगे।