दो दिन छाए रहेंगे बादल बढ़ेगा ठंड का असर
जागरण संवाददाता, रुड़की: पिछले दो दिनों से शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल
जागरण संवाददाता, रुड़की: पिछले दो दिनों से शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को भी दिनभर बादलों की आवाजाही रही। जिससे मौसम में ठंडका असर बढ़ गया। वहीं गुरुवार और शुक्रवार को हल्के बादल छाये रहना का पूर्वानुमान जताया गया है।
सोमवार रात को शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई थी। वहीं मंगलवार के बाद बुधवार को दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। एकाएक आसमान में धूप खिल गई तो दूसरे ही क्षण बादलों ने अपना डेरा डाल दिया। बादलों की आवाजाही से शहरवासियों को ठंडक का अधिक अहसास हुआ। ऐसे में अब अधिकांश लोगों ने दोपहर में भी गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। वहीं शाम ढलते ही मौसम में ठंडक बढ़ गई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को हल्के से मध्यम बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार किसान गेहूं की बुआई के लिए खेत तैयार कर लें। साथ ही देर से बोई गई धान की फसल की कटाई एवं मड़ाई का कार्य शीघ्र पूरा कर लें।