विराट-अनुष्का के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के नि
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के निर्विघ्न विवाह सुखी और खुशहाल वैवाहिक जीवन को दो दिनों तक मुंबई में अनुष्का शर्मा के घर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान (रूद्राभिषेक) किया गया। आश्रम के अनुसार इसे अनुष्का शर्मा के गुरु हरिद्वार के अनंतधाम आश्रम के पीठाधीश्वर अनंत बाबा ने किया, सोमवार को पूर्णाहुति के बाद अनंत बाबा ने इटली जाकर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को विवाह के रस्मों के दौरान आशीर्वाद प्रदान किया। इसकी पुष्टि अनंत बाबा के शिष्य जयश्रीदेव ने की।
अनुष्का शर्मा महादेव की उपासक हैं और हरिद्वार स्थित अनंतधाम आश्रम में महादेव की पूजा, रूद्राभिषेक आदि के लिए अनंत बाबा के पास अक्सर आया करती हैं। पिछले वर्ष दिसंबर में नये साल के स्वागत की छुट्टियां बिताने उत्तराखंड के अपने प्रवास के दौरान वह विराट कोहली संग अनंतधाम पहुंची थीं। इस दौरान दोनों ने रात में आश्रम में ही अभिषेक और हवन आदि भी किया था। इससे पहले अनुष्का ने आस्ट्रेलिया में हुए क्रिकेट विश्वकप में भारत की जीत और विराट कोहली के बेहतर प्रदर्शन की कामना को लेकर भी अनंतधाम में अनंत बाबा से महादेव का विशेष रूद्राभिषेक कराया था। इससे कुछ पहले दिसंबर 2014 में अनुष्का शर्मा खुद महादेव के रूद्राभिषेक के लिए अकेले यहां आईं थीं।
अनंत बाबा ने मई-जून में पासपोर्ट में कराया था नाम परिर्वतन
अनंत बाबा ने इसी साल मई में पासपोर्ट में नाम परिवर्तित कराया था। उन्होंने संन्यास पूर्व के अपने नाम 'प्रदीप शर्मा' को बदल कर उसकी अनंत बाबा करने की समस्त कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कराया था। इससे माना जा रहा है कि बाबा को विराट अनुष्का की शादी के बारे में तब से ही पता था, लेकिन उन्होंने इस बात को गोपनीय रखा था।