सुबह खिली धूप, दोपहर में छाए बादल
जागरण संवाददाता, रुड़की: सोमवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम में बदलाव देखने को मिल
जागरण संवाददाता, रुड़की: सोमवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह के वक्त धूप खिलने से जहां लोगों को ठंड से राहत मिली, वहीं बाद में बादल आने की वजह से शाम के समय मौसम अधिक सर्द हो गया।
शहर में सोमवार को सुबह आठ बजे बाद ही आसमान में तेज धूप खिल गई। दोपहर दो बजे तक मौसम इसी तरह का बना रहने की वजह से लोगों को ठंड का अहसास कम हुआ। लोगों ने धूप में बैठकर इसका आनंद लिया, लेकिन इसके बाद अचानक से मौसम ने करवट बदल दी। आसमान में एकाएक बादल छा गए। ऐसे में मौसम में अधिक ठंड घुल गई। उधर, रविवार के मुकाबले सोमवार को शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री से बढ़कर 28.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की वृद्धि देखने को मिली। न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। आइआइटी रुड़की के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के विशेषज्ञों के अनुसार, 13 दिसंबर तक आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। इस वजह से तापमान में गिरावट आएगी। साथ ही ठंड बढ़ने की भी संभावना है।