सिविल लाइंस में चोरों ने चटकाए मकान के ताले
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल लाइंस में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर माल समेट लिया। घर की मालकिन ब
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल लाइंस में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर माल समेट लिया। घर की मालकिन बेटे के पास हैदराबाद गई है। इसलिए चोरी माल का पता नहीं चल पाया है। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
सिविल लाइंस निवासी कविता के पति आलोक की करीब 10 साल पहले मौत हो चुकी है। कविता का इकलौता बेटा हैदराबाद में इंजीनियर है। बताया गया है कि 3 अक्टूबर को कविता बेटे के पास हैदराबाद रहने के लिए गई थी। बताया गया है कि शनिवार की रात को चोर दीवार फांदकर अंदर पहुंच गए। इसके बाद मकान के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने तीन कमरों के भी ताले तोड़ दिए। इसके बाद गैस सिलेंडर और अन्य सामान समेट लिया। पता तब चला जब रविवार की सुबह पड़ोस के लोगों को घर के अंदर पानी का नल खुला होने की आवाज आई। जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो मकान के ताले टूटे देख वह दंग रह गए। इसके बाद पड़ोसी अधिवक्ता सुरेंद्र ने इसकी सूचना फोन पर कविता को दी। कविता के कहने पर परिचित ने कोतवाली सिविल लाइंस जाकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। जिस पर एसआइ प्रदीप तोमर ने पुलिस के साथ मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली। घर के अंदर से चोरी माल का पता नहीं चल पाया है। इंसपेक्टर सिविल लाइंस साधना त्यागी ने बताया कि मामले की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
तीन बार पहले भी हो चुकी है चोरी
यह पहला मामला नहीं है जब कविता के घर चोरी हुई है। कविता के परिचित सुरेंद्र ने बताया कि इससे पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी है। एक बार तो इसकी सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई थी। बताया कि महिला काफी समय से हैदराबाद में है। जल्द ही महिला के वापस आने की उम्मीद है। इसके बाद ही पुलिस को तहरीर दी जाएगी।