मर्चेंट नेवी में कार्यरत युवक की झरने में नहाने के दौरान मौत
दोस्तों के साथ शिखर फॉल नहाने गए युवक की पानी में छलांग लगाने के दौरान पत्थर से सिर टकराने से मौत हो गई। वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था, जो छुट्टी पर घर आया था।
देहरादून, [जेएनएन]: दोस्तों के साथ शिखर फॉल नहाने गए युवक की पानी में छलांग लगाने के दौरान पत्थर से सिर टकराने से मौत हो गई। युवक त्यागी रोड स्थित मद्रासी कॉलोनी का निवासी था और मर्चेट नेवी में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजपुर अरविंद सिंह ने बताया कि मैक्स अस्पताल से एक डैथ मेमो प्राप्त हुआ। जिसमें दोस्तों के साथ उपचार के लिए अस्पताल आए युवक की मौत की जानकारी दी गई थी। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां मृतक की पहचान संजय सिंह चौहान (21) पुत्र श्रीराम चौहान के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि संजय मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था। वर्तमान में वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह अपने चार दोस्तों के साथ राजपुर स्थित शिखर फॉल घूमने चला गया। थाना प्रभारी ने बताया मृतक के दोस्तों के मुताबिक वह शिखर फॉल में नहा रहे थे। झरने से कूदने के दौरान उसका सर नीचे पत्थर से टकरा गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उन्होंने 108 के माध्यम से उसे तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से कारणों की जांच कर रही है।
कुछ दिनों बाद जाना था ड्यूटी पर
मृतक के दोस्तों के मुताबिक, इस समय उसके कई और दोस्त भी छुट्टी पर आए हुए हैं। कुछ दिनों में संजय के साथ ही उनकी भी छुट्टियां खत्म होने वाली थीं। इसलिए सभी ने छुट्टी से पहले घूमने का प्लान बनाया था।
यह भी पढ़ें: कपड़े धोने गर्इ दो युवतियां नहर में डूबी, लापता
यह भी पढ़ें: गंगा में नहाते वक्त डूबे दो युवक, रेस्क्यू
यह भी पढ़ें: बर्थडे सेलीब्रेशन के लिए दोस्तों संग गया छात्र गंगा में डूबा