स्वास्थ्य जांच को भर्ती युवक अचानक अस्पताल से हुआ फरार, वन कर्मियों ने पकड़ा
स्वास्थ्य जांच के लिए लक्ष्मणझूला चिकित्सालय में भर्ती युवक अचानक वहां से फरार हो गया। बाद में युवक वन कर्मियों के हत्थे चढ़ गया।
ऋषिकेश, जेएनएन। राजकीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच को भर्ती एक युवक फरार हो गया,।जिसे वन विभाग के कर्मचारियों ने देर शाम पकड़ लिया और अस्पताल में पहुंचाया।
दरअसल, जनपद पौड़ी के यमकेश्वर प्रखंड अंतर्गत गंगा भोगपुर गांव का इलाका राजाजी टाइगर रिजर्व की गौहरी रेंज के अंतर्गत आता है। यहां मंगलवार को एक संदिग्ध युवक ग्रामीणों को घूमता नजर आया। ग्रामीणों ने वन विभाग को इस बात की सूचना दी, जिस पर वनकर्मी युवक को रेंज कार्यालय लाए। यहां चिकित्सकों ने उसकी थर्मल स्क्रीनिंग की। जिसके बाद वन विभाग की एक टीम इस युवक को छोड़ने कलियर गई। कलियर में इस युवक को लेने से इन्कार कर दिया गया। मामले की सूचना उप जिलाधिकारी और थाना लक्ष्मणझूला को दी गई। मंगलवार की रात कलियर से वापस आकर विभाग की टीम ने युवक को लक्ष्मणझूला चिकित्सालय में पहुंचाया।
उसे रात 12:40 बजे राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में 108 सेवा के जरिए पहुंचाया गया। राजकीय चिकित्सालय में संबंधित वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी जब वॉर्ड में पहुंचे तो यह संदिग्ध युवक अपने बिस्तर से गायब था, जिसे आसपास ढूंढा गया वह नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी।
वहीं, गौहरी रेंज की टीम को हरिद्वार मार्ग किनारे एक युवक खड़ा नजर आया, जिसकी हुलिया भागने वाले युवक से मिलने पर वनकर्मियों ने पकड़ लिया और राजकीय अस्पताल पहुंचाया। रेंज अधिकारी धीर सिंह ने बताया कि यह युवक कुछ भी नहीं बोलता है। जब पहले वनकर्मियों ने पकड़ा था। तब उसके सिर में टोपी और मुंह में मास्क लगा था। भागने वाले युवक ने पहचान छिपाने के लिए टोपी को उतार दिया था। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के अनुसार युवक को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में क्वारंटाइन किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम से अनुरोध किया गया है।
डेलीवेज कर्मचारी को होमगार्ड ने मारा डंडा
लॉकडाउन उल्लंघन में होमगार्ड ने ऊर्जा निगम के डेलीवेज कर्मचारी को डंडा मार दिया। इस पर हंगामा हो गया। होमगार्ड ने गलती स्वीकार की। जिसके बाद मामला शांत हो गया। पुलिस अधिकारियों ने होमगार्ड को फटकार भी लगाई।
मामला डोईवाला कोतवाली के अंतर्गत जौलीग्रांट क्षेत्र का है। बुधवार को ऊर्जा निगम में डेलीवेज कर्मचारी अठूरवाला स्थित कार्यालय में ड्यूटी को जा रहा था। जिसे जौलीग्रांट बैरियर पर तैनात होमगार्ड ने रोका और पूछताछ की। उत्तर संतोषजनक नहीं लगने पर होमगार्ड ने डंडा मार दिया। और वापस भेज दिया। कर्मचारी ने सूचना जौलीग्रांट कार्यालय में दी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के एक क्वारंटाइन सेंटर से भागे चालक-परिचालक पकड़े
वहां तैनात सहायक अभियंता ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी। पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। होमगार्ड ने गलती स्वीकार की। जिसके बाद मामला शांत हो गया। भानियावाला विद्युत उपखंड के सहायक अभियंता एमएम बहुगुणा ने बताया कि कर्मचारी को होमगार्ड ने गलतफहमी में डंडा मार दिया था। सरकार ने लॉकडाउन में आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को आवागमन में छूट दी हुई है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown: उत्तराखंड में लॉकडाउन उल्लंघन करने पर 75 केस दर्ज, 258 धरे