सीएम तीरथ सिंह रावत बोले, सुंदरलाल बहुगुणा के त्याग और समर्पण को भुलाया नहीं जा सकता
World Environment Day मुख्यमंत्री तीरथ रावत ने पर्यावरण दिवस पर पर्यावरणविद् स्वर्गीय सुंदरलाल बहुगुणा को याद किया। कहा कि बहुगुणा ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई आंदोलन किए। साथ ही अनियंत्रित तरीके से हो रहे कंक्रीट के प्रयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक किया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। World Environment Day उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पर्यावरण दिवस पर पर्यावरणविद् स्वर्गीय सुंदरलाल बहुगुणा को याद किया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई आंदोलन किए। इसके साथ ही अनियंत्रित तरीके से हो रहे कंक्रीट के प्रयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनका जीवन पूरी तरह से समाज के लिए समर्पित रहा है। उनके इस त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दिल्ली में उत्तराखंड सदन में पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा की स्मृति में आयोजित वर्चुअल श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन पर्यावरण संरक्षण के लिए ही समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने उनके छात्र संगठन से जुड़े होने के दौरान बहुगुणा से हुई मुलाकात को भी याद किया।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि जीवन भर पर्यावरण संरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले सुंदरलाल बहुगुणा को कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया। समाज के प्रति सदैव उनका त्याग और समर्पण का भाव रहा। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उन्होंने देश और दुनिया का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति बहुगुणा के ध्येय और विचारों को हम किस तरह आगे लेकर चलें, इस ओर हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- प्रकृति संवरेगी और आर्थिकी भी, 'ईको रेस्टोरेशन' के तहत उत्तराखंड में इन पांच गतिविधियों पर रहेगा फोकस
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें