हरितालिका तीज : निर्जला व्रत रख महिलाओं ने की शिव आराधना
हरितालिका तीज पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रख पति की लंबी आयु के लिए घरों में भगवान शिव की आराधना की। कई संगठनों ने सास्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए।
देहरादून, जेएनएन। हरितालिका तीज पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रख पति की लंबी आयु के लिए घरों में भगवान शिव की आराधना की। कई संगठनों ने सास्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए।
भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरितालिका व्रत रखा जाता है। इस दिन सुहागिनें पतियों की दीर्घायु के लिए तो कन्याएं अच्छा वर पाने के लिए व्रत रखती हैं। मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए यह व्रत रखा था। दून में भी हरितालिका तीज को उत्साह के साथ मनाया जाता है। हालाकि, इस बार कोरोना संक्रमण के चलते घरों में ही सूक्ष्म कार्यक्रम किए गए। महिलाओं ने सुबह निर्जला व्रत रखकर मिट्टी का शिवलिंग बनाकर पूजा कर जीवन में सुख-समृद्धि और संपूर्ण विश्व को कोरोना महामारी से मुक्त करने की कामना की।
बाजारों में महिलाओं व कन्याओं ने मेहंदी लगाई। दिनभर पूजा के बाद पूरी रात महिलाओं ने जागरण किया। शनिवार सुबह शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के बाद फल व मीठे भोजन से व्रत खोला जाएगा। वहीं, बाजारों में महिलाओं ने पूजा का सामान खरीदा। डाकरा बाजार स्थित दुकानदार बरसात ने बताया कि पूजा के पैकेट में भाग, मानती के फूल, बेलपत्र, धतूरा होता है जिसे महिलाएं भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष चढ़ाती हैं।
गोरखा समाज की महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति
गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी की ओर से 15वा तीज उत्सव शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित गोर्खाली सुधार सभा में मनाया गया। कोरोना के चलते कार्यक्रम को सूक्ष्म रूप दिया गया। महिलाओं ने लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। तीज को लहर आयो बरी लै व तीज को रम्म झम्म आदि गीतों पर कमेटी की संरक्षक गोदावरी थापली, सरोज गुरुंग, सविता क्षेत्री, माया पंवार, प्रभा शाह, पूजा सुब्बा, कविता क्षेत्री, रितिका क्षेत्री ने नृत्य प्रस्तुत किया। बाल कलाकार तनीषा, अनुष्का ने भी मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। कमेटी की अध्यक्ष कमला थापा ने बताया कि विगत वर्ष मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हरितालिका तीज मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की घोषणा कर चुके हैं। इस बार कोरोना के चलते किसी भी अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया। वहीं, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने लोकगीतों को तीज पर्व की आत्मा बताया। इस मौके पर कमेटी के संरक्षक सूर्य विक्रम शाही, मीनू क्षेत्री, बुद्धिमान थापा, देविन शाही, ज्योति कोटिया, पूनम गुरुंग, मधु खनाल, उषा राना, विनिता क्षेत्री, आकाक्षा खड़का, संध्या थापा, सविता आदि मौजूद रहे।
गल्जवाड़ी में धूमधाम से मनाया गया तीज उत्सव
ग्राम पंचायत गल्जवाड़ी के इंदिरा नगर में महिलाओं ने व्रत रखकर हरितालिका तीज मनाई। ग्राम प्रधान लीला शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने तीज को दीज मा भाई लीन आको.., तीज को लहरा आओ बरीलई, हाई मेरो फरीया झन माथी-माथी झन तता तला.., माइला जाने को खुशी मा.. आदि लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर रेनू राना, कविता देवी, निर्मला थापा, विमला क्षेत्री, दीपा अधिकारी, कोकिला थापा, रेखा क्षेत्री, कृष्णा क्षेत्री, राखी गुरूंग, ज्योति ढकाल, हरिकला, परिणीता, सीता, तारा शर्मा, चंद्रकला आदि मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें: Hemkund Sahib: चार सितंबर को खुलेंगे सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट
बिहारी समाज की महिलाओं ने रखा व्रत
बिहारी समाज की महिलाओं ने भी निर्जला व्रत रखकर घरों में भगवान शिव की पूजा की। महासभा के सचिव चंदर झा ने बताया कि सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखा। कोरोना के चलते घरों में ही महिलाओं ने पूजा की। चतुर्थी पर शनिवार सुबह शिवलिंग पर जलाभषेक करने के बाद व्रत खोला जाएगा।