बेटी को जन्म क्या दिया ससुरालवालों ने महिला को घर से निकाला Dehradun News
देहरादून में एक महिला ने लड़की को जन्म क्या दिया कि ससुरालियों ने महिला को खूब खरी खोटी सुनाकर उसे घर से ही निकाल दिया।
देहरादून, जेएनएन। सहस्रधारा क्षेत्र निवासी एक महिला ने लड़की को जन्म क्या दिया कि ससुराल वाले उसके दुश्मन बन गए। लड़की पैदा होने पर महिला को खूब खरी खोटी सुनाकर ससुरालियों ने उसे घर से ही निकाल दिया। महिला के गिड़गिड़ाने के बावजूद ससुरालियों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने महिला को बच्ची समेत दर-दर की ठोकर खाने को छोड़ दिया। यही नहीं इस अमानवीय व्यवहार के बाद जब महिला पुलिस के पास इंसाफ के लिए गई तो पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया और तहरीर लेकर कर खानापूर्ति कर दी। अब महिला ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई है।
सरकार और बुद्धिजीवी वर्ग बेटी बचाओ से लेकर महिला सशक्तीकरण की आदि की बाते करते हैं, लेकिन अब भी कुछ लोग समाज में रूढ़ीवादी सोच के संवाहक बने हुए हैं और ऐसे में वे अमानवीय हरकतों से भी नहीं चूकते। ऐसा ही एक मामला सहस्रधारा क्षेत्र में प्रकाश में आया है।
यहां एक महिला की शादी कुछ साल पूर्व एक आर्किटेक्ट से हुई। कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक था, महिला गर्भवती हुई और घर में नए मेहमान के आने की तैयारियां होने लगीं। लेकिन, 2017 में महिला की जब डिलिवरी हुई तो उसकी खुशियों पर ग्रहण लग गया। उसकी 'बदकिस्मतीÓ ही कही जाएगी कि उसने एक लड़की को जन्म दिया। फिर क्या था, महिला का जीना मुहाल हो गया। ससुरालियों को लड़की होना नागवार गुजरा और उन्होंने महिला को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। बात-बात पर ताने मारने के साथ ही ससुराल वाले उसे खरी-खोटी सुनाने लगे।
जैसे-तैसे महिला चुपचाप सब सुनती रही, लेकिन हद तो तब हो गई जब ससुरालियों का अमानवीय व्यवहार चरम पर पहुंच गया और उन्होंने महिला को बच्ची समेत घर से निकाल दिया। दर-दर भटकने को मजबूर महिला पुलिस के पास गई और कार्रवाई की मांग की। लेकिन, रायपुर पुलिस ने भी मामले में सहयोग नहीं दिया। अब थक हारकर महिला ने बुधवार को कोर्ट में अर्जी लगाते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। महिला का आरोप है कि पुलिस पति के दबाव में आकर न तो घरेलू हिंसा के तहत मुकदमा दर्ज कर रही है और न ही जान से मारने की धमकी पर कोई कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: ट्यूशन जा रही किशोरी से युवक ने की छेड़छाड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News
यह भी पढ़ें: न्याय और सुरक्षा को भटक रही मीटू पीड़िता, भाजपा नेता पर लगाया था आरोप