अमित शाह का संदेश, 2019 के लोकसभा चुनाव में फिर से जीतें उत्तराखंड
दिल्ली में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश भाजपा को साफ संदेश दिया है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से उत्तराखंड को जीतना होगा।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश भाजपा को साफ संदेश दिया है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से उत्तराखंड को जीतना होगा। दिल्ली में हुई बैठक में उन्होंने पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व को पूरी गंभीरता से जुट जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रदेश भाजपा की ओर से लोस चुनाव के मद्देनजर तैयार किए गए रोडमैप को भी उनके समक्ष रखा गया। इसमें उनके द्वारा कुछ और बिंदु भी सुझाए गए।
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की सभी सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में भी उसे प्रचंड बहुमत हासिल हुआ। ऐसे में अब आसन्न लोस चुनाव में भी ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की उसके सामने चुनौती है। हालांकि, इसे लेकर भाजपा जुटी हुई है और हाल में हरिद्वार में आयोजित बैठक में लोस चुनावों में पिछली बार से अधिक धमाकेदार जीत के मद्देनजर रोडमैप तैयार किया गया। इसमें फरवरी तक के कार्यक्रम निर्धारित किए गए।
इस बीच लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली में रविवार को हुई बैठक में प्रदेश भाजपा की ओर से अपना रोडमैप राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष रखा गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार बैठक में मुख्य बिंदु लोस चुनाव की रणनीति ही था। इसे छोड़ अन्य किसी मसले पर चर्चा नहीं हुई। भट्ट के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश स्तर पर तैयार रोडमैप का जिक्र करते हुए कहा कि हमें पूरा उत्तराखंड फिर से जीतना होगा।
साथ ही रोडमैप में कुछ अन्य बिंदु भी सुझाये और कहा कि हमें हर हालत में जीतना होगा। उनके द्वारा लाभार्थी सम्मेलन, बूथ स्तर के कार्य, सभी सात मोर्चां के कार्यक्रम ठीक से संचालित करने के निर्देश दिए। यही नहीं, पार्टी नेताओं को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने के लिए भी कहा। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत व मदन कौशिक, राज्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के अलावा प्रदेश भाजपा के चारों महामंत्री मौजूद थे।
नौ अक्टूबर को दून में बैठक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार लोस चुनाव के रोडमैप को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से सुझाये गए बिंदुओं के क्रियान्वयन के मद्देनजर नौ अक्टूबर को देहरादून में बैठक होगी। यही नहीं, सभी मोर्चों के कार्यक्रमों की समीक्षा भी इस मौके पर होगी। बहुगुणा से मिले मुख्यमंत्री दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से मुलाकात की। पार्टी की ओर से इसे सामान्य मुलाकात बताया गया, लेकिन सियासी गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह के निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों से पलायन रोकने को युवा कांग्रेस चलाएगी अभियान
यह भी पढ़ें: पूर्व सीएम हरीश रावत बोले, सानंद का बलिदान चाहती है सरकार