पहाड़ में बर्फबारी और मैदान में बारिश की संभावना
उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम करवट लेने लगा। पहाड़ से लेकर मैदान के कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। ऊंची पहाडियों पर भी हिमपात के आसार हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम करवट लेने लगा। पहाड़ से लेकर मैदान तक घने बादलों के बीच सूर्य देव की आंख-मिचौनी चलती रही। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रातभर बर्फबारी के आसार बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को मौसम और बिगड़ेगा। इस दौरान 2500 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि गुरुवार को दो हजार मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों तक भारी हिमपात की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में कई स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को मौसम खराब रहेगा। विशेषकर गुरुवार को सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है। इस दौरान रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम के मिजाज में बदलाव को देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। शासन ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा टालने की भी सलाह दी है। इस बीच मंगलवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन दो से तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। मसूरी में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हरिद्वार में यह 7.6 रहा। प्रदेश में अल्मोड़ा सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। यहां पारा शून्य से नीचे है। विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधि, न्यूनतम
देहरादून, 23.4, 9.5
मसूरी, 14.6, 7.9
नई टिहरी, 15.4, 6.6
हरिद्वार, 22.6, 7.6
उत्तरकाशी, 16.7, 5.0
जोशीमठ, 15.4, 4.6
अल्मोड़ा, 22.3, -0.6
नैनीताल, 15.1, 8.0
पंतनगर, 22.0, 8.3
पिथौरागढ़, 20.3, 4.1
मुक्तेश्वर, 16.2, 4.1
चम्पावत, 17.4, 6.9