दून में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा रविवार
जागरण संवाददाता, देहरादून: दून में रविवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। पारा 38.9 डिग्र
जागरण संवाददाता, देहरादून: दून में रविवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण लोग गर्मी से परेशान रहे। हालांकि प्रदेश भर की बात करें तो सबसे गर्म ऊधमसिंह नगर जिले का जसपुर रहा, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, अगले 24 घंटे में उत्तराखंड का मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को देहरादून में आसमान साफ रहने की संभावना है, जिसके चलते अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच सकता है। बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार दोपहर बाद 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। रविवार को रुड़की का अधिकतम तापमान 38.4, हरिद्वार में 38.2 रुद्रप्रयाग में 36.1, चमोली का 31 डिग्री सेल्सियस और उत्तरकाशी का 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ में भी चढ़ रहा पारा
प्रदेश के पहाड़ी जिलों में भी तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग आने वाले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ने की बात कह रहा है, जिसके कारण गर्मी बढ़ जाएगी। 37.7 था दून में अब तक का अधिकतम तापमान
दून में अब तक सबसे अधिक तापमान 10 मई को 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तब से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी था। बीते कुछ दिनों से दून में लगातार तापमान बढ़ रहा है और रविवार को यह 38 डिग्री के पार पहुंच गया।