चौकीदार ने वायुसेना के पूर्व अधिकारी की संपत्ति हड़पी, जानिए कैसे
देहरादून में वायुसेना के पूर्व अधिकारी की दून स्थित संपत्ति उनके चौकीदार ने जालसाजी कर हड़प ली। भेद तब खुला, जब अधिकारी की मृत्यु के बाद परिजन यहां पहुंचे।
देहरादून, जेएनएन। वायुसेना के पूर्व अधिकारी की दून स्थित संपत्ति उनके चौकीदार ने जालसाजी कर हड़प ली। भेद तब खुला, जब अधिकारी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी और बच्चों ने यहां रहने की सोची और चौकीदार से मकान खाली करने को कहा। तब चौकीदार मकान खाली न करने पर अड़ गया। अधिकारी की पत्नी ने जब निबंधन विभाग नगर निगम से संपत्ति के दस्तावेज निकलवाए तो पता चला कि चौकीदार ने जालसाजी कर उनकी संपत्ति का एक हिस्सा अपने बेटे के नाम करा लिया है।
पुलिस के अनुसार, सतनाम कौर निवासी डी-8 पटेलनगर के पति स्व. सुरेंद्र सिंह वायुसेना में अधिकारी थे। सतनाम ने बताया कि उनके ससुर स्व.गुरुबक्स सिंह की माता लक्ष्मी देवी पत्नी स्व.जीत सिंह भारत-पाक के विभाजन के दौरान पाकिस्तान से आकर यहां बस गए थे। उन्हें पटेलनगर में भवन और भूमि आवंटित की गई। लक्ष्मी देवी की मृत्यु के पश्चात उनके पति सुरेंद्र सिंह और उनके भाई मोहिंद्र सिंह संपत्ति के वारिस बने। सुरेंद्र सिंह के वायुसेना में होने और मोहिंद्र के महाराष्ट्र में कारोबार फैला लेने के चलते यह संपत्ति आजा कौर पत्नी गुलाब सिंह को संपत्ति की देखभाल के लिए चौकीदार नियुक्त किया गया। आजा की मृत्यु के बाद उसके बेटे इंदर सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई।
बताया कि सतनाम कौर के पति सुरेंद्र सिंह की 2003 में लखनऊ में मृत्यु हो गई। वर्ष 2016 में इंदर सिंह को संपत्ति खाली करने को कहा गया तो उसने इन्कार कर दिया। इसका कारण जानने के लिए जब नगर निगम में जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि इंदर सिंह ने जालसाजी कर स्वयं को लक्ष्मी देवी का वारिस बना लिया है और संपत्ति के एक हिस्से को अपने बेटे मनप्रीत को उपहार में ट्रांसफर कर दिया है। इस बात का पता चलने पर जब इंदर से इस पर आपत्ति जताई गई तो वह धमकी देने लगा। इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि मामले में इंदर सिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: सिमकार्ड का क्लोन बनाकर व्यापारी के खाते से 2.70 लाख रुपये उड़ाए
यह भी पढ़ें: फर्जी कागजातों पर स्कूटी और बाइक करा ली फाइनेंस, ऐसे आया पकड़ में