देहरादून से इन दो रूट पर चलने वाली Volvo Bus का किराया घटा, 300 रुपये तक हुए कम; अब देना होगा इतना चार्ज
Volvo Bus Service उत्तराखंड परिवहन निगम प्रबंधन ने दून-चंडीगढ़ और दून-हल्द्वानी के बीच संचालित वाल्वो बसों का किराया घटा दिया है। इसके बाद अब दून-चंडीगढ़ के बीच किराया अन्य राज्याें की बसों से कम हो गया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: Volvo Bus Service: उत्तराखंड परिवहन निगम प्रबंधन ने दून-चंडीगढ़ और दून-हल्द्वानी के बीच संचालित वाल्वो बसों का किराया घटा दिया है। प्रबंधन के अनुसार इन दोनों मार्गों पर किराया कम करने की मांग हो रही थी। अन्य राज्यों की वाल्वो बसों की अपेक्षा उत्तराखंड की बसों का किराया अधिक था, जिस कारण इन बसों को यात्री कम मिल रहे थे।
डीलक्स डिपो के सहायक महाप्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि दून-चंडीगढ़ के बीच वाल्वो बस का किराया पहले 694 रुपये था, जिसे 142 रुपये घटाकर अब 552 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह दून-हल्द्वानी के बीच वाल्वो बस का किराया पहले 1439 रुपये था, जिसे 305 रुपये घटाकर 1134 रुपये कर दिया गया है।
अन्य राज्याें की बसों से कम हो गया किराया
देहरादून से चंडीगढ़ के लिए सुबह साढ़े सात बजे व दोपहर साढ़े 12 बजे जबकि हल्द्वानी के लिए रात 11 बजे वाल्वो बस का नियमित संचालन होता है। दून-चंडीगढ़ मार्ग पर चंडीगढ़ परिवहन निगम व हिमाचल परिवहन निगम की वाल्वो बस का भी संचालन भी हो रहा। उत्तराखंड की बसों का किराया अधिक होने से यात्री दूसरे राज्यों की बसों को पसंद कर रहे थे। अब दून-चंडीगढ़ के बीच किराया अन्य राज्याें की बसों से कम हो गया है।
दून-कटरा वाल्वो में नहीं घटा किराया
दून-चंडीगढ़ के बीच परिवहन निगम प्रबंधन ने वाल्वो बस का किराया तो घटा दिया, लेकिन इसी मार्ग पर चल रही दून-चंडीगढ़-कटरा वाल्वो बस का किराया नहीं घटा। यह बस शाम छह बजे दून से चलती है। यदि, कोई यात्री इस बस में दून से चंडीगढ़ तक जा रहा तो उससे पुराना किराया 694 रुपये ही वसूला जा रहा। यात्रियों ने इस संबंध में निगम मुख्यालय में शिकायत की है।