उत्तराखंड के इस सरकारी स्कूल में बंद होने की कगार पर गणित विषय, नहीं मिल रहे छात्र
राजकीय इंटर कालेज टिमली, विकासनगर में इंटरमीडिएट स्तर पर गणित विषय बंद होने के कगार पर है क्योंकि पिछले दो ...और पढ़ें

HighLights
राजकीय इंटर कालेज टिमली में गणित विषय बंद होने का खतरा
पिछले दो वर्षों से 11वीं-12वीं में गणित के छात्र शून्य
छात्रों की घटती रुचि से गणित शिक्षक का तबादला हुआ
संवाद सहयोगी, विकासनगर। राजकीय इंटर कालेज टिमली में इंटरमीडिएट स्तर पर गणित विषय के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है।
विद्यालय में गणित की पढ़ाई तो संचालित है, लेकिन पिछले दो वर्षों से 11वीं और 12वीं में इस विषय को लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या शून्य रही है। लगातार छात्र संख्या में कमी के कारण विद्यालय में तैनात गणित शिक्षक का अन्य विद्यालय में तबादला कर दिया गया है।
गणित शिक्षक का अन्य विद्यालय में तबादला
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इंटरमीडिएट में गणित विषय विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में इस विषय के प्रति रुचि लगातार घटती जा रही है। इसका सीधा असर विषय संचालन पर पड़ रहा है। यदि आने वाले समय में भी गणित विषय के लिए विद्यार्थियों का नामांकन नहीं होता है, तो विषय के बंद होने का खतरा बढ़ सकता है।
गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय के प्रति विद्यार्थियों की घटती रुचि विद्यालय प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है। विद्यालय में विज्ञान वर्ग में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए गणित विषय का विकल्प महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में, विषय में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए अभिभावकों और विद्यार्थियों को गणित के महत्व के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
विद्यालय प्रधानाचार्य चंद्रशेखर का कहना है कि दसवीं पास करने वाले विद्यार्थियों को गणित विषय लेने के लिए प्रेरित किया जाता है, लेकिन वे जीव विज्ञान विषय के प्रति अधिक रुचि दिखा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप गणित विषय लेने वाले छात्रों की संख्या शून्य है।
