यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, काशी हिंदू विवि में खुलेगा वैदिक विज्ञान केंद्र
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने काशी हिंदूू विश्वविद्यालय में देश का पहला वैदिक विज्ञान केंद्र खोलने का निर्णय लिया है।
ऋषिकेश, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग भारतीय ऋषियों की साधना और सिद्धि का निचोड़ है। विश्व कल्याण के लिए यह भारतीय वैदिक संस्कृति का अनूठा उपहार है। आज दुनिया के 193 देश योग की परंपरा के साथ जुड़ चुके हैं। वैदिक संस्कृति की इसी दिव्यता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने काशी हिंदूू विश्वविद्यालय में देश का पहला वैदिक विज्ञान केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इसमें योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा आदि विद्याओं पर शोध और अनुसंधान किये जाएंगे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में योग केंद्र और वेलनेस सेंटर की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
रविवार को ऋषिकेश में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद व गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिव योग के आदि देवता है और हिमालय भगवान शिव का प्रिय स्थान है। यही वजह है कि उत्तराखंड पूरे विश्व में योग का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सभी लोग मानसिक शांति व बीमारियों से मुक्ति चाहते हैं, ऐसे में योग ही एक मात्र ऐसा उपाय है जो इन रोगों छुटकारा दिला सकता है।
हरिद्वार में वर्ष 2021 में होने वाले कुंभ को लेकर उन्होंने कहा कि कुंभ में उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड की हर संभव मदद करेगी। दोनों प्रदेशों के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे पर योगी ने कहा कि वर्षों से लंबित मामले दोनों सरकारों ने एक झटके में हल कर दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड के लिए उत्तर प्रदेश हमेशा बड़े भाई की भूमिका निभाता रहेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि योग के नाम से भारत की विश्व में पहचान बनी है। योगाचार्य और उत्तराखंड का इसमें बहुत बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गौरव की बात है कि हम विश्व में योग को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आगाज, योगी आदित्यनाथ बोले योग का उद्गम स्थल है उत्तराखंड
200 से ज्यादा साधक पहुंचे
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और गढ़वाल मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में 11 देशों और भारत के नौ राज्यों के साधक भाग ले रहे हैं। सात मार्च तक चलने वाले महोत्सव में अब तक 200 से ज्यादा साधक पहुंच चुके हैं।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में दिखेगी संपूर्ण भारत की झलक, पढ़िए पूरी खबर