विकासनगर में विभिन्न संगठनों ने आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ा
बीते दिनों आम आदमी पार्टी में शामिल हुए राज्य के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने रविवार को पार्टी की सदस्यता छोड़ दी।
विकासनगर (देहरादून), जेएनएन। बीते दिनों आम आदमी पार्टी में शामिल हुए राज्य के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने रविवार को पार्टी की सदस्यता छोड़ दी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने पर्वतीय राज्य की भावना के विपरीत बाहरी क्षेत्र के व्यक्ति को राज्य का प्रभारी बनाया है, जो उन्हें स्वीकार्य नहीं है।
रविवार को पत्रकार वार्ता में उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर के साथ विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। पार्टी छोड़ने वाले संगठनों में उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच, उत्तराखंड मेरा अधिकार सामाजिक संगठन, उत्तराखंड दाई मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हैं। इन संगठनों के पदाधिकारियों ने दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी में विलय कर लिया था।
पार्टी छोड़ने वालों में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री डीके पाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमीरचंद, प्रदेश सचिव सतीश कुमार पाटिल, प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर, डॉ. देवेश्वर भट्ट, राजेश वंडवाल, आम आदमी पार्टी विकास नगर प्रभारी, स्वराज चौहान, संजीव ठाकुर, संदीप पंथ व मनीष सकलानी, उत्तराखंड दाई मोर्चा की लक्ष्मी शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता उत्तराखंड संरक्षण अधिकार मंच आशीष कपरुवाण, समेत बारह लोग शामिल हैं। इन सभी ने अपने संयुक्त त्यागपत्र आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेज दिए हैं। बताया जा रहा शीर्ष नेतृत्व ने उत्तराखंड राज्य का प्रभारी दूसरे प्रदेश के व्यक्ति को बनाया है। इससे इन संगठनों के पदाधिकारी असंतुष्ट हैं।
यह भी पढ़ें: राजभवन कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक