उत्तराखंड के खाते में एक और उपलब्धि, पूर्व सीएस उत्पल कुमार लोकसभा में महासचिव पद पर नियुक्त
उत्तराखंड के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई। पूर्व मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह का कद बढ़ाते हुए दन्हें लोकसभा के महासचिव पद पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई। पूर्व मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह का कद बढ़ाते हुए दन्हें लोकसभा के महासचिव पद पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उधर, उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि वह नई जिम्मेदारी का निर्वहन रचनात्मक चुनौती की तरह करेंगे।
1986 बैच के आइएएस उत्पल कुमार सिंह ने बतौर मुख्य सचिव 31 जुलाई तक सेवानिवृत्ति से पहले प्रदेश में कोविड-19 की रोकथाम और बचाव को लेकर पुख्ता रणनीति को अंजाम दिया ही, साथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट नई केदारपुरी के विकास में अहम योगदान दिया। मोदी के पसंदीदा आइएएस अधिकारियों में शुमार रहे उत्पल कुमार सिंह ने बीते सितंबर माह में लोकसभा सचिवालय में सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली।
दो माह बाद ही लोकसभा के महासचिव पद से स्नेहलता श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद एक दिसंबर से यह अहम जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्पल कुमार सिंह अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा और कुशलता से निर्वहन करेंगे। पूर्व मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि नई जिम्मेदारी के रूप में उन्हें सीखने का फिर बड़ा अवसर मिला है। इस दायित्व को निभाते हुए उन्हें प्रशासनिक सेवा के लंबे अनुभवों का फायदा मिलेगा। इससे उन्हें अपने काम को अच्छे तरीके से अंजाम देने में मदद मिलेगी।
राज्य और केंद्र के बीच करेंगे सेतु का कार्य: बंसल
उत्तराखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कहना है कि वह राज्य और केंद्र के बीच सेतु के रूप में कार्य करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि उत्तराखंड को केंद्रीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले। सोमवार को नरेश बंसल ने नई दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने कहा कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करेंगे। उनका मकसद सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास होगा। केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नरेश बंसल को शपथ ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड : मुख्यमंत्री चार दिसंबर को करेंगे ऋण वितरण योजना की शुरुआत