यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना, चटख धूप खिलने से चढ़ा पारा
Uttarakhand Weather Today उत्तराखंड से मानसून अब विदा हो चुका है। मानसून खत्म होने के बाद अब आने वाले सप्ताह ...और पढ़ें

HighLights
- उत्तराखंड में मौसम रहेगा शुष्क
- ज्यादातर क्षेत्रों में खिल रही चटख धूप
- चटख धूप खिलने से चढ़ने लगा पारा
जागरण ऑनलाइन डेस्क, देहरादून: Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड से मानसून अब विदा हो चुका है। मानसून खत्म होने के बाद अब आने वाले सप्ताह में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली रहेगी। तेज धूप खिलने से मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों में पारा चढ़ने लगा है। अक्टूबर आगमन के साथ मौसम के रंग भी बदले नजर आ रहे हैं। दोपहर के समय तपिश और हल्की उमस से लोग परेशान हो रहे हैं तो वहीं रात्रि के समय ठंड का अहसास भी हो रहा है।
चटख धूप खिलने से पारा चढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। जबकि, न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। अगले कुछ दिन मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन आने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग केंद्र के रिकार्ड के अनुसार, हल्द्वानी में तराई और भाबर क्षेत्र में दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री तक अंतर दर्ज किया जा रहा है। यह क्रम माह की शुरुआत से ही देखने को मिल रहा है।
मौसम के साफ रहने का अनुमान
मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक, हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर जिले में आज (शुक्रवार) तड़के तक न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बीते रोज अधिकतर तापमान 33 डिग्री रहा है। ऐसे में दिन में गर्मी और रातें सर्द होने का साफ पता चलता है। वहीं लगातार तापमान का क्रम इसी प्रकार बना हुआ है।
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है। साथ ही तापमान की स्थिति भी इसी प्रकार बनी रह सकती है।
उत्तराखंड के इन जिलों में आज और कल का तापमान
शहर - अधिकतम - न्यूनतम
- देहरादून (छह अक्टूबर) - 31.0 - 22.0
- (सात अक्टूबर) - 31.0 - 22.0
- हरिद्वार (छह अक्टूबर) - 29.0 - 21.0
- (सात अक्टूबर) - 29.0 - 21.0
- कोटद्वार (छह अक्टूबर) - 31.0 - 22.0
- (सात अक्टूबर) - 31.0 - 22.0 (डिग्री सेल्सियस में)
उत्तरकाशी में मौसम साफ
वहीं उत्तरकाशी समेत गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में मौसम साफ है व चटख धूप खिली हुई है। इसके साथ ही गंगोत्री व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु है। जनपद में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
