Uttarakhand Weather Update: केदारनाथ में माइनस चार डिग्री पहुंचा तापमान, जानें- अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम
Uttarakhand Weather Update दीपावली के बाद प्रदेश के ज्यादातर शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। अन्य शहरों में भी दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और सुबह-शाम ठंड भी बढ़ने लगी है। दीपावली के बाद प्रदेश के ज्यादातर शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केदारनाथ में तापमान माइनस चार डिग्री सेल्सियस है। वहीं, देहरादून में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। अन्य शहरों में भी दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम सामान्य बना रहेगा। मैदानों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है और पहाड़ों में सर्द हवा कंपकंपी बढ़ा सकती है।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ही प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क है। हालांकि, चोटियों पर रुक-रुककर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उधर, कुमाऊं में बीते दिनों कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। वहीं मैदानों में चटख धूप खिलने के साथ ही सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। मैदानों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। कुछ पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। जबकि तापमान में और गिरावट आ सकती है। देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरे के बीच ठंड में इजाफा हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Update: चार धाम में हिमपात से बढ़ी ठिठुरन, आज इन जिलों में बारिश के आसार