Uttarakhand Weather Update : मौसम शुष्क रहने का अनुमान, मैदान में धुंध और कोहरे से गिर सकता पारा
Uttarakhand Weather Update मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल धीमा है। आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather Update : प्रदेश में आने वाले दो दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
पहाड़ों में पाला और मैदान में अधिकतर स्थानों पर कोहरा व धुंध छा सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 18 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर रह सकता है। तापमान का यह बड़ा अंतर स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदायक माना जाता है।
पौड़ी, नैनीताल, मुक्तेश्वर व मसूरी में सुबह के समय सड़कों पर पाला
सोमवार को मैदान से पहाड़ तक चटख धूप खिली रही। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में दोपहर दो बजे से ढाई बजे के बीच हल्के बादल छाए, हालांकि तीन बजे आसमान फिर साफ हो गया।
पौड़ी, नैनीताल, मुक्तेश्वर व मसूरी में सुबह के समय सड़कों पर पाला पड़ रहा है। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल धीमा
मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.7 व न्यूनतम 8.9 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर का अधिकतम 16.2 व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल धीमा है। जिससे आने वाले दो दिनों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों में कहीं-कहीं सामान्य से अधिक पाला पड़ने और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरा पड़ने की संभावना है।
जरूरतमंदों को बांटे गर्म कपड़े
श्री महाकाल सेवा समिति ने ठंड के मौसम में ठिठुर रहे जरूरतमंदों को गर्म कपड़े बांटे। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने आमजन को गरीबों व जरूरतमंदों का सहयोग करने की अपील की। समिति के अध्यक्ष रोशन राणा ने बताया कि बिंदालपुल, रेलवे स्टेशन के आसपास रह रहे जरूरतमंदों को गर्म कपड़े बांटे।
उन्होंने बताया कि हर साल ठंड शुरू होते ही समिति यह काम करती है। समिति के सदस्य अपने निजी संसाधन से गर्म कपड़े जुटाते हैं। इस मौके पर आलोक जैन, हेमराज अरोड़ा, जितेंद्र मलिक, डा. नितिन अग्रवाल, डा. वीरेंद्र भट्ट, सचिन आनंद, अक्षत नागलिया आदि मौजूद रहे।