Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री-यमुनोत्री समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ठिठुरन बढ़ी
Uttarakhand Weather Update दून समेत आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सर्द हवाएं चलने से शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है।
देहरादून, जेएनएन। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। केदारनाथ, गंगोत्री-यमुनोत्री, हर्षिल घाटी, जानकीचट्टी, ओसला गंगाड, सांकरी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। दून समेत आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह हल्की धूप खिलने के बाद दोपहर से बादल छाने लगे और सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। इससे पहले यहां के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बर्फीली हवा ने पहाड़ों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कुमाऊं के अल्मोड़ा और मुक्तेश्वर प्रदेश में सबसे ठंडे रहे। दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.6 और 1.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ों में बदलते मौसम का असर मैदानों में भी महसूस किया जा रहा है। मैदानों में भी पारे ने गोता लगाया है। ऊधमसिंहनगर में पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं हरिद्वार में यह 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इतना ही नहीं देहरादून और मसूरी में भी पारा सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश
रविवार की शाम को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित तहसील मुख्यालयों में मौसम बदला और आसमान में बादल छाए, जबकि गोमुख सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।